नई दिल्ली

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत बने ‘मास्टर सेफ’, छात्रों के लिए किचन में बनाया समोसा और पकौड़े

Gajendra Singh Shekhawat: केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली स्थित आईएचएम पूसा का दौरा कर विद्यार्थियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने संस्थान की किचन में समोसे और पकौड़े भी बनाए।
2 min read
Gajendra Singh Shekhawat
कुकिंग करते मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत। फोटो (X- @gssjodhpur)

नई दिल्ली। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, पूसा (IHM Pusa) का दौरा किया और विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ समय बिताया और संस्थान की किचन में जाकर उनके साथ कुकिंग में भी हाथ आजमाया। शेखावत ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर समोसे और विशेष पकौड़े की डिश तैयार की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से हॉस्पिटैलिटी और कुकिंग के क्षेत्र में उनके अनुभवों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में भी बातचीत की।

केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने विद्यार्थियों के साथ बिताए इन यादगार पलों को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि संस्थान में आज कुछ नया सीखने और थोड़ा-सा कुकिंग में हाथ आजमाने का मौका मिला। मेरी बनाई डिश का स्वाद चखने के बाद सभी ने कहा कि सर, अच्छा बना है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अब सच में अच्छा बना था… या फिर स्टूडेंट्स ने सिर्फ मेरा कॉन्फिडेंस बढ़ा दिया, ये राज तो वही जानते हैं। शेखावत ने कहा कि एक बात तय है कि देश के ये युवा शेफ अपने हुनर, जुनून और मेहनत से भारत की हॉस्पिटैलिटी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत होता है संचालित

इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, पूसा भारत के प्रमुख होटल मैनेजमेंट संस्थानों में से एक है और भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत संचालित होता है। वर्ष 1962 में स्थापित यह संस्थान होटल मैनेजमेंट एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में विद्यार्थियों को शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। संस्थान द्वारा होटल मैनेजमेंट और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। विद्यार्थियों के साथ केंद्रीय मंत्री का यह संवाद और किचन में उनके साथ बिताया समय संस्थान के विद्यार्थियों के लिए उत्साह और प्रेरणा का अवसर बना।

इंडिगो एयरलाइन के साथ एमओयू

वहीं इसके बाद भारत के पर्यटन को दुनिया भर में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से पर्यटन मंत्रालय और इंडिगो एयरलाइन के बीच एक समझौता (एमओयू) हुआ है। इस साझेदारी के तहत 'इनक्रेडिबल इंडिया बाय इंडिगो' अभियान शुरू किया जाएगा। शेखावत ने कहा कि इस पहल के जरिए इंडिगो अपने व्यापक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का इस्तेमाल कर भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, प्राकृतिक और वेलनेस पर्यटन स्थलों को दुनिया भर के लाखों यात्रियों तक पहुंचाएगी। सरकार का मानना है कि इससे विदेशी पर्यटकों को भारत के विविध पर्यटन स्थलों के बारे में अधिक जानकारी मिलेगी और देश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

Updated on:
30 Jul 2026 06:07 pm
Published on:
30 Jul 2026 06:01 pm
Also Read
View All