5 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

चावड़ी बाजार बिल्डिंग हादसा: दिल्ली पुलिस ने 5 महीने पहले MCD को दी थी अवैध निर्माण की सूचना, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

Chawri Bazar Building Collapse: चावड़ी बाजार में इमारत गिरने के मामले में सामने आया कि दिल्ली पुलिस ने करीब पांच महीने पहले MCD को कथित अवैध निर्माण की जानकारी दी थी। हादसे में दो लोगों की मौत हुई और एक घायल हुआ।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 5 Nov 2026, 4:05 PM IST

Chawri Bazar Building Collapse

दिल्ली पुलिस ने 5 महीने पहले MCD को दी थी अवैध निर्माण की सूचना, फोटो सोर्स- IANS

Delhi Building Collapse: दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार को ढही तीन मंजिला इमारत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने करीब पांच महीने पहले ही नगर निगम (MCD) को इमारत में हो रहे कथित अवैध निर्माण की जानकारी दी थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई की गई या नहीं, इसकी जानकारी पुलिस अधिकारियों को नहीं है। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है।

15 जून को MCD को दी गई थी सूचना

जांच से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शिकायत मिलने के बाद 15 जून को 4547, गली शीश महल, चावड़ी बाजार में कथित अनधिकृत निर्माण की जानकारी MCD को दी गई थी। अधिकारी के मुताबिक, पुलिस को अब तक इस बात की जानकारी नहीं है कि नगर निगम ने इस शिकायत पर कोई कार्रवाई की थी या नहीं। मामले पर MCD का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया है।

सुबह करीब 9:50 बजे हुआ हादसा

पीटीआई के मुताबिक, हादसा चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में सुबह करीब 9:50 बजे हुआ। मलबे में कितने लोग फंसे थे, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इमारत में करीब 7 से 8 मजदूर काम कर रहे थे और तीसरी मंजिल के लैंटर का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, करीब 9:30 बजे लैंटर गिर गया।

MCD ने दो इंजीनियरों को किया सस्पेंड

हादसे के कुछ घंटे बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर MCD ने असिस्टेंट इंजीनियर (AE) मोहम्मद नईम और जूनियर इंजीनियर (JE) अमन दलाल को निलंबित कर दिया। मुख्यमंत्री ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

CM रेखा गुप्ता ने मौके का किया दौरा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने बताया कि अब तक मलबे से दो शव बरामद किए गए हैं और एक घायल व्यक्ति को बचाया गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इमारत ग्राउंड प्लस दो मंजिला थी और हादसे की सही वजह विस्तृत जांच के बाद सामने आएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी कहा कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। CMO के मुताबिक, जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।