नई दिल्ली

गुरुग्राम में कारगिल युद्ध के नायक पर पार्किंग विवाद में जानलेवा हमला, सिर पर लोहे की रॉड से वार, जानें पूरा मामला

IAF Retired Officer Attacked: गुरुग्राम में पार्किंग विवाद के दौरान कारगिल युद्ध के दिग्गज और रिटायर्ड IAF ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और हाथ में फ्रैक्चर हुआ। जानें क्या है पूरा मामला...
2 min read
Kargil War Veteran Attack, IAF Retired Officer Attacked, Gurugram Parking Dispute
कारगिल के योद्धा पर गुरुग्राम में हमला (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Attack On IAF Captain: गुरुग्राम में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देश के लिए 1999 के कारगिल युद्ध (ऑपरेशन सफेद सागर) में अपनी सेवाएं देने वाले भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर कुछ लोगों ने लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि हाथ में फ्रैक्चर हो गया। फिलहाल वह मेदांता अस्पताल में भर्ती है। वहीं, गुप्ता ने पुलिस में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

परिवार के साथ डिनर पर गए थे पूर्व अधिकारी

यह पूरी घटना 10 सितंबर की रात की है। रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ गुरुग्राम के सेक्टर 65 स्थित मैग्नम ग्लोबल पार्क के 'गोंजो रेस्टोरेंट' में खाना खाने पहुंचे थे। रात करीब 8 बजे उन्होंने अपने परिवार को रेस्टोरेंट के गेट पर उतारा और खुद कार पार्क करने के लिए चले गए।

वैलेट से बेसमेंट तक भटकाया, फिर कार पर मारा हाथ

पीड़ित अधिकारी द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पार्किंग स्टाफ ने उन्हें पहले वैलेट एरिया में भेजा, फिर बेसमेंट और उसके बाद मल्टीलेवल पार्किंग की तरफ जाने को कहा। जब वे काफी देर भटकने के बाद अपनी गाड़ी पीछे करने लगे, तो एक पार्किंग अटेंडेंट ने गुस्से में आकर उनकी कार की विंडशील्ड पर जोर से हाथ मारा।

लोहे की रॉड से सिर और हाथ पर किया हमला

अमित कुमार गुप्ता को लगा कि अटेंडेंट उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचा रहा है। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी अटेंडेंट वहां से गया और हाथ में लोहे की भारी रॉड लेकर लौटा। आरोपी ने बिना कुछ सोचे-समझे उन पर रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पहली चोट उनके हाथ पर लगी, जिससे उनकी कोहनी की हड्डी टूट गई। इसके बाद आरोपी ने दूसरा सीधा वार उनके सिर पर कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

सुरक्षाकर्मी देखते रहे तमाशा, शेफ ने बचाई जान

हैरानी की बात यह रही कि घटना के वक्त वहां मौजूद प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स और अन्य स्टाफ उन्हें बचाने की कोशिश तक नहीं की। पीड़ित ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर फोन किया, लेकिन आरोप है कि आधे घंटे तक पुलिस की कोई मदद नहीं मिली। इसी बीच रेस्टोरेंट के एक शेफ ने बीच-बचाव किया और हमलावर को रोककर गुप्ता जी की जान बचाई।

मेदांता में चल रहा इलाज, सर्जरी हुई

घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत मेदांता अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। हाथ में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण डॉक्टरों को प्लेट डालने के लिए सर्जरी करनी पड़ी है। पीड़ित अधिकारी ने सेक्टर 65 थाना पुलिस से आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस फिलहाल शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
14 Sept 2026 09:56 am
Published on:
14 Sept 2026 09:53 am