
Haryana: हरियाणा सरकार और आईआरसीटीसी IRCTC के बीच मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन MoU पर हस्ताक्षर हुए। इस दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग और आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक हरजोत सिंह संधू ने आधिकारिक दस्तावेजों पर साइन किए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत राज्य के बुजुर्गों को मुफ्त में विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाना है।
अब तक अलग-अलग जिलों से हरियाणा परिवहन विभाग की वोल्वो बसों के माध्यम से हजारों पात्र बुजुर्गों को अयोध्या समेत विभिन्न तीर्थ स्थलों के निशुल्क दर्शन करवाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर श्रद्धालुओं के लिए ट्रेनों के माध्यम से भी तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने की योजना बनाई गई है।
इस विशेष ट्रेन में कुल 11 कोच होंगे, जिनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए और एक कोच सेवा प्रदाता स्टाफ के लिए आरक्षित रहेगा। यात्रा का पूरा खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए भोजन, ठहरने की व्यवस्था और रेलवे स्टेशन से तीर्थ स्थल तक जाने के लिए बस सेवा पूरी तरह निशुल्क रहेगी।
हरियाणा सरकार और आईआरसीटीसी के बीच हुए इस समझौते के तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या, वाराणसी, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, पुष्कर, वैष्णो देवी, शिरडी और शनि शिंगणापुर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। योजना की खास बात यह है कि भविष्य में मांग और आवश्यकता के आधार पर अन्य तीर्थ स्थलों को भी इस सूची में शामिल किया जा सकेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को इसका लाभ मिलता रहे।
हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के हरियाणा के वरिष्ठ नागरिक जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, को निशुल्क पवित्र स्थलों की यात्रा करवाई जाती है। योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र व्यक्ति तीर्थ यात्रा के लिए आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।