नई दिल्ली

Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में अभी नहीं मिलेगी बारिश से राहत, मौसम विभाग ने जारी किया नया अलर्ट

Delhi NCR weather: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है।
2 min read
Delhi NCR weather
दिल्ली में बारिश। फोटो-आईएएनएस

नई दिल्ली। मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में तेज बारिश के बीच तीन घंटे का रेड अलर्ट जारी करने के बाद अब दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि शनिवार तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम और मध्य दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम और फरीदाबाद को ऑरेंज अलर्ट पर रखा है। यह अलर्ट अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को दर्शाता है।

नोएडा और गाजियाबाद के लिए येलो अलर्ट

वहीं नोएडा और गाजियाबाद के लिए येलो अलर्ट प्रभावी है। कल यानी आठ अगस्त को भी पूरे क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान व्यापक बारिश दर्ज की गई है। सफदरजंग में 6 अगस्त की सुबह 8.30 बजे से 7 अगस्त की सुबह 8.30 बजे के बीच 59.2 मिमी और शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच 57.3 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा आयानगर में 87.4 मिमी, पालम में 73.5 मिमी, गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी में 67.5 मिमी, पूसा में 59.5 मिमी, लोधी रोड में 49.3 मिमी और दिल्ली रिज में 49.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

तापमान सामान्य से काफी नीचे

लगातार हो रही बारिश के कारण राजधानी में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.7 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली भर में अधिकतम तापमान 26.5 से 28.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से पांच से सात डिग्री कम है। हवा में आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 100 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

पश्चिमी विक्षोभ बारिश को और बढ़ा रहा

आईएमडी के अनुसार, यह व्यापक बारिश एक साथ सक्रिय कई मौसमी प्रणालियों के कारण हो रही है। मॉनसून ट्रफ गंगानगर, दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र, रांची और दीघा से होते हुए बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और चक्रवाती प्रसार सक्रिय है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत पर बना पश्चिमी विक्षोभ मानसूनी बारिश की गतिविधियों को और बढ़ा रहा है।

भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान

मौसम कार्यालय ने शुक्रवार रात तक लगातार या रुक-रुक कर भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। 8 अगस्त को भी बादल छाए रहने और सुबह व रात में बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, 9 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। इस लगातार बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया है, जिससे दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में भारी जलभराव, लंबा ट्रैफिक जाम और गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई है। प्रशासन ने यात्रियों को निचले इलाकों में जाने से बचने और घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जांचने की सलाह दी है।

Updated on:
07 Aug 2026 08:14 pm
Published on:
07 Aug 2026 08:14 pm