नई दिल्ली

तीन नवंबर तक भारी बारिश की चेतावनी, नए पश्चिमी विक्षोभ से बदली मौसम की चाल, इन राज्यों में अलर्ट

Heavy Rain Warning: एक से पांच नवंबर के बीच मौसम में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने जहां पूर्वोत्तर और दक्षिण-पूर्व के राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में ठंड को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है।
3 min read
Imd weather forecast Heavy Rain Prediction Western Disturbance Causes cold waves alert in India
बारिश के बाद ठंड पर मौसम विभाग का पूर्वानुमान।

Heavy Rain Warning: नवंबर की शुरुआत में सक्रिय हुआ नया पश्चिमी विक्षोभ आंधी-बारिश के साथ ठंड में इजाफा करेगा। मौसम विभाग के अनुसार, एक से पांच नवंबर के बीच कई राज्यों में बारिश से न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे नवंबर के दूसरे सप्ताह से बेतहाशा ठंड पड़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के वैज्ञानिकों की मानें तो 1 से 5 नवंबर 2025 के बीच कई राज्यों में उतार-चढ़ाव वाला मौसम देखने को मिलेगा। इसे देखते हुए IMD ने जहां पूर्वोत्तर और दक्षिण-पूर्व के कुछ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बारिश तो नहीं होगी, लेकिन ठंड की धमाकेदार दस्तक होने का पूर्वानुमान है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार एक और दो नवंबर को निम्न दबाव और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। इससे स्थानीय नदियों के जलस्तर में वृद्धि और निचले इलाकों में जल-भराव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 1 नवंबर के आसपास भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है, जबकि उप हिमालयी क्षेत्र पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 1 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही बिहार और झारखंड में भी 1 नवंबर तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक नवंबर के बाद बारिश की गतिविधियां पूर्वी राज्यों में कम हो जाएंगी।

उत्तर प्रदेश में सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड

बात अगर उत्तर प्रदेश की करें तो मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी यूपी में 1 नवंबर तक छिटपुट बारिश के बाद 2 नवंबर से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। इस दौरान बारिश के कारण तापमान में आई गिरावट बरकरार रहेगी, जिससे सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी। वहीं पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर और अजमेर संभागों के कुछ स्थानों पर 1 से 3 नवंबर के बीच मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 5 नवंबर से पूरे राज्य में मौसम शुष्क हो जाएगा और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। इससे ठंड बढ़ सकती है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 1 नवंबर तक हल्की बारिश/गरज-चमक के बाद 2 नवंबर से मौसम साफ हो जाएगा। दिन के तापमान सामान्य के आसपास रहेंगे, जबकि रातें ठंडी होने लगेंगी।

दिल्ली-एनसीआर में क्या है मौसम अलर्ट?

मौसम विभाग के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में एक से तीन नवंबर के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी और न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट के साथ ठंड की दस्तक होगी। बात अगर उत्तर-पश्चिम भारत यानी दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा की करें तो इस पूरे सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। हालांकि इन राज्यों में न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। यह सामान्य से थोड़ा अधिक हो सकता है, लेकिन सुबह और देर रात हल्की ठंड का अहसास शुरू हो जाएगा। इसके अलावा बात अगर पहाड़ी राज्यों की करें तो तीन से पांच नवंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसके प्रभाव से ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना है। इससे मैदानी इलाकों की ओर ठंडी हवाओं का प्रवाह बढ़ेगा।

दक्षिण भारत में जारी रहेगी बारिश

महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में भी 1 नवंबर तक हल्की बारिश के बाद मौसम शुष्क रहेगा। तापमान सामान्य रहेगा, जबकि दक्षिणी भारत यानी केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है, लेकिन कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। बात अगर गुजरात की करें तो इस दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है और रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी। कुल मिलाकर नवंबर के पहले सप्ताह में देश के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा ऊपर रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में शुष्क हवाओं के कारण नवंबर के मध्य तक उत्तर और मध्य भारत में कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी।

Updated on:
01 Nov 2025 04:03 pm
Published on:
31 Oct 2025 11:37 am