
IRS Officer Daughter Murder: राजधानी दिल्ली का पॉश इलाका अमर कॉलोनी बुधवार सुबह उस वक्त दहल गया, जब एक वरिष्ठ IRS अधिकारी के घर के भीतर उनकी 22 वर्षीय बेटी का शव बरामद हुआ। घटना उस समय की है जब अधिकारी अपनी पत्नी के साथ जिम गए हुए थे। होनहार बेटी, जो इंजीनियरिंग के बाद IAS बनने का सपना लेकर UPSC की तैयारी कर रही थी, की हत्या मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर की गई है। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या से पहले पीड़िता के साथ दुष्कर्म भी किया गया है। फिलहाल, संदेह के घेरे में वह नौकर है जिसे हाल ही में काम से निकाला गया था। फॉरेंसिक और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके से साक्ष्य जुटा रही हैं।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, शुरुआती जांच में छह सप्ताह पहले नौकरी से निकाले गए नौकर पर शक है। आशंकाओं को इस बात से भी बल मिला कि बुधवार सुबह 6 बजे उसे पास के एक सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है। पुलिस को आशंका है कि वह पहले से वहां इंतजार कर रहा था कि अधिकारी घर से बाहर निकले और वो घर में घुसे। वह जानता था कि घर का कौन सा सदस्य किस समय कहां होता है।
सूत्रों के मुताबिक, घटना स्थल पर संघर्ष के संकेत मिले हैं। माना जा रहा है कि आरोपी ने यौन हमले की कोशिश की। विरोध किए जाने पर उसने सिर पर किसी चीज से वार किया और बाद में मोबाइल चार्जर के केबल से गला घोंट दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया गया है कि वह राजस्थान का रहने वाला है और निकाले जाने से पहले 7-8 महीने तक अधिकारी के घर काम कर चुका था। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करके उसे ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।
शुरुआती जांच के बाद बताया गया है कि मोबाइल केबल चार्जर से गला घोंटकर हत्या की गई है। शव के पास इसे पाया गया है। परिस्थिजन्य आशंका यह भी है कि हत्या से पहले यौन हमला भी किया गया। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सुबह आईआरएस के घर क्या-क्या हुआ।