नई दिल्ली

IRS Officer Daughter Case: गला घोंटने से पहले बुरी तरह से पीटा था नौकर, शरीर पर मिले संघर्ष के निशान, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

IRS Officer Daughter Case: एम्स की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि IRS अधिकारी की बेटी ने कातिल से कड़ा संघर्ष किया था। चेहरे और हाथों पर चोट के निशान मिले हैं।

2 min read
IRS Officer Daughter Case
युवती की मौत सिर्फ गला घोंटने से नहीं हुई, बल्कि उसके सिर और चेहरे पर किसी वस्तु से मारा गया था

IRS Officer Daughter Case: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में हुई यूपीएससी छात्रा की हत्या के मामले में एम्स के फॉरेंसिक विभाग ने अपनी शुरुआती रिपोर्ट दिल्ली पुलिस को सौंप दी है। रिपोर्ट के अनुसार, युवती की मौत सिर्फ गला घोंटने से नहीं हुई, बल्कि उसके सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से जोरदार प्रहार भी किया गया था।

एम्स में फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में पांच डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमॉर्टम किया। डॉ. गुप्ता ने पुष्टि की कि यह 'स्ट्रैंगुलेशन' (गला घोंटना) और हत्या का स्पष्ट मामला है। उन्होंने बताया, 'युवती के चेहरे और हाथों पर चोट के कई निशान मिले हैं। हाथों पर मौजूद घाव इस बात का पुख्ता सबूत हैं कि मौत से पहले उसने अपनी जान बचाने के लिए आरोपी से कड़ा मुकाबला (Physical Struggle) किया था।'

भारी वस्तु से किया गया हमला

जांच में सामने आया है कि जब आरोपी राहुल मीणा ने युवती पर हमला किया, तो उसने हार नहीं मानी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पहले उसे डराकर तिजोरी खुलवाने की कोशिश की थी, लेकिन युवती के इनकार करने पर उसने पास रखे एक भारी शोपीस (Lamp या कोई ठोस वस्तु) से उसके सिर पर वार किया। इस प्रहार से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी, जिसके बाद मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोंट दिया गया।

यौन हमले की जांच जारी

डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि यौन शोषण (Sexual Assault) की पुष्टि के लिए जरूरी सैंपल लैब भेज दिए गए हैं। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर इसकी विस्तृत रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। हालांकि, घटनास्थल के हालात और शुरुआती जांच हत्या के साथ-साथ गंभीर शारीरिक हमले की ओर इशारा कर रहे हैं।

लाश को सीढ़ियों से घसीटा

पूछताछ में यह भी पता चला है कि हत्या करने के बाद भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा। वह मृतका के शरीर को पहली मंजिल से नीचे की ओर घसीटता हुआ ले गया। उसकी मंशा युवती के अंगूठे का निशान (Thumb Impression) इस्तेमाल कर बायोमेट्रिक लॉकर खोलने की थी, ताकि वह घर में रखी नकदी और जेवर लूट सके।

10 घंटे में दबोचा गया कातिल

दिल्ली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के महज 10 घंटे के भीतर आरोपी राहुल मीणा को द्वारका इलाके से गिरफ्तार कर लिया था। राहुल पहले इसी घर में काम करता था, जिसे हाल ही में हटा दिया गया था। वह घर के हर कोने और परिवार के रुटीन से वाकिफ था, जिसका फायदा उठाकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

Published on:
23 Apr 2026 05:43 pm