नई दिल्ली

‘मेरा बेटा भोला है’: IRS अधिकारी की बेटी से रेप-हत्या के आरोपी के परिवार का चौंकाने वाला दावा

IRS Officer Daughter Murder Case: दिल्ली में आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की कथित रेप के बाद हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने परिवार के पूर्व घरेलू नौकर राहुल मीणा (23) को गिरफ्तार किया है।
2 min read
IRS officer daughter murder case Delhi
आरोपी राहुल मीणा ने कबूला गुनाह (Photo: X/ANI)

दिल्ली में भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के एक वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के रेप और हत्या मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल मीणा (23) ने जैसा बर्ताव किया उसने अधिकारियों को भी चौंका दिया है। इस वजह से दिल्ली पुलिस अब राहुल का साइकोलॉजिकल ऐनालिसिस टेस्ट कराने की तैयारी में है। पुलिस ने बताया कि उसके चेहरे पर पछतावा नहीं है, वह बेहद शांत होकर सवालों के जवाब दे रहा। इस बीच, राहुल के परिवार ने हैरान करने वाला दावा किया है। परिवार ने उस पर लगे दुष्कर्म व हत्या के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह भोला लड़का है, उसमें सिर्फ ऑनलाइन गेमिंग के अलावा दूसरी कोई बुरी आदत नहीं थी। वह पढ़ाई में बहुत अच्छा था।

राजस्थान के अलवर जिले के राहुल मीणा पर 21 अप्रैल की रात अलवर में एक विवाहिता से दुष्कर्म करने और उसके कुछ घंटों बाद 22 अप्रैल की सुबह दिल्ली की अमर कॉलोनी इलाके में आईआरएस अधिकारी की बेटी से रेप-हत्या करने का आरोप है। दिल्ली पुलिस की कई टीमों ने मिलकर उसे द्वारका के एक होटल से पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उसका व्यवहार काफी शांत रहा।

राहुल की मां ने किया बड़ा दावा

अलवर में पत्रकारों से बातचीत में आरोपी राहुल की मां ने कहा कि उनका 23 साल का बेटा भोला है, उसका व्यवहार भी अच्छा है। उसने 21 अप्रैल की रात उनसे आखिरी बार बात की थी। वह एक शादी में जाने के लिए घर से निकला था। उस रात के बाद उससे बात नहीं हुई।

दूसरे रेप मामले में नया मोड़

वहीं, अलवर के राजगढ़ में एक विवाहिता से बलात्कार के आरोपों को राहुल मीणा की बहन ने पूरी तरह से निराधार बताया। उसने आरोप लगाया कि मीणा और राजगढ़ की कथित दुष्कर्म पीड़िता के पति को ऑनलाइन गेम में क्रमशः 5 लाख रुपये और 90,000 रुपये का नुकसान हुआ था, जिससे उन पर कर्ज बढ़ता गया।

भाई ने गलत किया है तो सजा मिले- बहन

राहुल की बहन ने कहा, पैसे चुकाने का दबाव उस पर लगातार बढ़ रहा था। वह शायद पैसे लेने वहां गया था। उसने 20 हजार रुपये में अपना मोबाइल फोन तक गिरवी रख दिया था। लेकिन अगर उसने कुछ गलत किया है तो उसे सजा मिलनी चाहिए।

इस बीच, दिल्ली पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि राहुल मीणा ने यह अपराध अचानक गुस्से में किया था या फिर पहले से इसकी योजना बनाई थी। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच पुलिस हर पहलू से कर रही है।

Updated on:
27 Apr 2026 12:33 pm
Published on:
27 Apr 2026 12:33 pm