नई दिल्ली

दिल्ली के ‘नेचर बाजार’ में भीषण आग: करोड़ों का सामान जलकर खाक, दुकानदारों ने सरकार से मांगा मुआवजा

Delhi News: दिल्ली के प्रसिद्ध छतरपुर नेचर बाजा में भीषण आग से करोड़ों का सामान खाक। दमकल की 9 गाड़ियों ने पाया काबू। प्रभावित दुकानदारों ने दिल्ली सरकार से मुआवजे की मांग की है।
2 min read
दिल्ली के 'नेचर बाजार' में भीषण आग: करोड़ों का सामान जलकर खाक, दुकानदारों ने सरकार से मांगा मुआवजा

Delhi News: दक्षिण दिल्ली के छतरपुर स्थित प्रसिद्ध 'नेचर बाजार' (दस्तकार) में रविवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दिल्ली फायर सर्विसेज के अनुसार, सुबह लगभग 7:37 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 9 गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग की लपटों ने बाजार के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बाजार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या चोट लगने की खबर नहीं है।

आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में धुएं का काला गुबार छा गया और वहां रखी इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इस बाजार में देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक परिधान, क्रॉकरी, कारपेट और हस्तशिल्प की कई दुकानें थीं। 6 मार्च से यहाँ 'दस्तकार' उत्सव का आयोजन चल रहा था, जिसके लिए शिल्पकारों और व्यापारियों ने भारी मात्रा में स्टॉक जमा किया था। आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस हादसे में दुकानदारों की मेहनत और लाखों-करोड़ों का कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया है।

सरकार से की मुआवजे की मांग

इस घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों में गहरा आक्रोश और दुख है, और उन्होंने अब दिल्ली सरकार से उचित मुआवजे की गुहार लगाई है। व्यापारियों का कहना है कि उत्सव के लिए उन्होंने जो पूंजी लगाई थी, वह इस तबाही में खत्म हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने भीड़ को नियंत्रित किया और अब आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बाजार के आयोजकों और दुकानदारों ने सरकार से मांग की है कि इस संकट की घड़ी में उनकी आर्थिक मदद की जाए ताकि वे फिर से अपना काम खड़ा कर सकें।

Updated on:
15 Mar 2026 12:48 pm
Published on:
15 Mar 2026 11:48 am