
Delhi news:दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में 20 फरवरी की रात को एक फ्लैट में एसी लगाने के दौरान निकली धूल-मिट्टी पड़ोसी के घर में जाने से विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि इस बात को लेकर पड़ोसी ने उत्तर-पूर्वी राज्यों की तीन छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। छात्राओं ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी शख्स व उसकी पत्नी ने मिलकर उनके खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करने के आलावा जान से मारने की धमकी दी। करीब चार मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें दोनों तरफ से काफी बहस हो रही है।
वीडियो में आरोपी कपल की गलत तरीके से बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। पड़ोसी महिला नॉर्थ-ईस्ट की लड़कियों से कहती है कि मेरा बेडरूम खाली है, जा आजमा ले, पता चलेगा कितना बुड्ढा है। 35 साल का लड़का तेरे यहां बुड्ढा होता होगा। तेरी औकात नहीं है, जहां से वो आया है। कस्टम ऑफिसर का बेटा है वो। पॉलिटिशियन है उसका बाप।
विवाद के दौरान महिला ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, क्या तुम मुझे मसाज पार्लर में मिली थीं? क्या मैं वहां कोई गलत काम कर रही थी जो तुमने ऐसा देखा? अपनी जुबान संभालो। तुम्हारे यहां लोग मसाज पार्लर में काम करते होंगे, मेरे यहां नहीं। घटना के समय एक पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद था और माहौल को शांत कराने की कोशिश कर रहा था। बावजूद इसके, आरोपित दंपती पुलिस की मौजूदगी में भी बेखौफ होकर टिप्पणी करते रहे। पड़ोसी महिला ने छात्राओं के लिए ‘गटर-छाप’ जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। नस्लभेदी टिप्पणियों से जुड़ा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
मालवीय नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्राओं की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 79, 351(2), 3(5), 196 (आईपीसी की धारा 509, 506, 153ए और 34) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी पड़ोसी हर्ष सिंह एक पीआर कंपनी में काम करने के अलावा यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है। पुलिस वीडियो को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन कर रही है। दक्षिण जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 20 फरवरी की है। मालवीय नगर की इमारत में उत्तर-पूर्वी राज्यों की रहने वाली तीनों युवतियां चौथी मंजिल पर पिछले सात माह से किराये के फ्लैट में रहती हैं। तीनों कॉलेज की छात्रा हैं।
इसी बिल्डिंग में तीसरी मंजिल पर हर्ष सिंह, उसकी पत्नी रूबी जैन व परिवार रहता है। पुलिस के मुताबिक छात्राओं ने बताया कि 20 फरवरी दोपहर को वह अपने फ्लैट में एसी लगवा रही थीं। इस बीच काम की वजह से धूल नीचे रहने वाले हर्ष के फ्लैट में जाने लगी। जब हर्ष ने इसके लिए कहा तो दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी। उनके खिलाफ जानबूझकर आपत्तिजनक और नस्लीय टिप्पणियां की गई। पुलिस ने छात्राओं का बयान लेकर शनिवार को मामला दर्ज कर लिया।