नई दिल्ली

NEET-UG Paper leak: गुरुग्राम के डॉक्टर से 30 लाख में खरीदा था पेपर, जयपुर के एक ही परिवार से 4 बच्चों के चयन पर गहराया शक

NEET-UG paper leak exposed: पेपर लीक मामले में CBI की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जयपुर के दो भाइयों ने गुरुग्राम के एक डॉक्टर से 30 लाख में पेपर खरीदा था। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी परिवार के 4 बच्चों का पिछले साल भी चयन हुआ था। जांच के तार अब महाराष्ट्र के पुणे और लातूर तक जुड़ गए हैं।

2 min read
एक ही परिवार के 4 बच्चों के पास होने से खुली पोल

NEET-UG paper leak: नीट (UG) 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद अब इस पूरे सिंडिकेट की परतें तेजी से खुल रही हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की तफ्तीश में राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र के बीच एक बड़ा नेक्सस सामने आया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा जयपुर के दो भाइयों और उनके परिवार को लेकर हुआ है।

ये भी पढ़ें

NEET Paper Leak: एक चोरी के पेपर से कैसे हो सकता है 100 करोड़ का काला कारोबार? ऐसे चलता है पूरा नेटवर्क

30 लाख में सौदा और एक ही परिवार से 4 चयन

जांच में सामने आया है कि जयपुर के जमवारामगढ़ निवासी दो भाइयों, मांगीलाल बिवाल और दिनेश बिवाल ने गुरुग्राम के एक डॉक्टर से कथित तौर पर 30 लाख रुपये में नीट का पेपर खरीदा था। बताया जा रहा है कि दिनेश बिवाल ने यह पेपर अपने बेटे को दिया, जो सीकर में मेडिकल की तैयारी कर रहा था। एजेंसियों को जांच में पता चला है कि दिनेश बिवाल के परिवार के चार बच्चों का चयन पिछले साल भी NEET में हुआ था। अब जांच इस बात पर टिकी है कि क्या पिछले साल का चयन भी इसी तरह की धांधली का हिस्सा था।

डिजिटल से प्रिंट तक

यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम कर रहा था। पेपर पहले व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे डिजिटल माध्यमों से भेजा गया और बाद में उसके प्रिंट निकालकर बेचे गए। देहरादून से गिरफ्तार आरोपी राकेश मंडवारिया पर करीब 700 छात्रों तक पेपर पहुंचाने का गंभीर आरोप है। जांच में यह भी सामने आया कि यह नेटवर्क हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड तक फैला हुआ था, जहां परीक्षा से पहले ही लाखों रुपये में सौदे हो रहे थे।

नासिक के बाद पुणे और लातूर पर नजर

महाराष्ट्र में भी इस मामले की जड़ें काफी गहरी नजर आ रही हैं। नासिक से गिरफ्तार शुभम खैरनार से पूछताछ के बाद अब पुणे और लातूर का नाम भी सामने आया है। 30 वर्षीय शुभम, जो खुद एक BAMS डॉक्टर है, उसने कथित तौर पर 10 लाख में पेपर खरीदा और उसे 15-15 लाख रुपये में 10 अलग-अलग लोगों को बेच दिया। शुभम से पूछताछ के बाद सीबीआई पुणे के एक संदिग्ध की तलाश कर रही है। वहीं, लातूर में भी पेपर के सेट भेजे जाने की पुष्टि हुई है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं का बड़ा केंद्र माना जाता है।

CBI की ताबड़तोड़ कार्रवाई

सीबीआई की टीम आरोपी शुभम को लेकर नासिक से मुंबई रवाना हो चुकी है, जहां उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक जैसे राज्यों तक फैला हुआ है। एजेंसियां अब उन सभी छात्रों और अभिभावकों की पहचान कर रही हैं, जिन्होंने पैसे देकर अपना भविष्य सुरक्षित करने की कोशिश की थी।

ये भी पढ़ें

NEET पेपर लीक विवाद: दिल्ली में NTA दफ्तर के बाहर प्रदर्शन, पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प
Also Read
View All