
Delhi Crime: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर गन्ने के जूस के पैसे को लेकर हुए विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दो निहंग भाइयों ने जूस विक्रेता पर तलवार से हमला कर दिया। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर गुरुवार सुबह महज 10 रुपये के मामूली विवाद में दो निहंग भाइयों ने एक जूस विक्रेता पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में विक्रेता के बाएं हाथ पर गहरा घाव हुआ है, जिसके बाद उसे तुरंत एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान गगनदीप सिंह (21) और बलजीत सिंह (30) के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के जालंधर के रहने वाले हैं। दोनों ने कमला मार्केट थाना क्षेत्र के अंतर्गत अजमेरी गेट की तरफ आउटर गेट के पास स्थित गन्ने के जूस की दुकान से दो गिलास गन्ने का जूस पिया। जूस का कुल बिल 60 रुपये बना था, लेकिन दोनों भाई 50 रुपये देने पर अड़े हुए थे। इसी 10 रुपये को लेकर दोनों की दुकानदार से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गगनदीप ने अपने पास मौजूद तलवार से 35 वर्षीय जूस विक्रेता पर हमला कर दिया। तलवार के वार से उसके बाएं हाथ पर गहरा घाव लग गया। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी भाई ट्रेन से अमृतसर से दिल्ली आए थे और उन्होंने रात गुरुद्वारा सीस गंज साहिब में बिताई थी। दोनों धार्मिक यात्रा के लिए महाराष्ट्र के नांदेड जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।
घायल दुकानदार का एलएनजेपी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी एमएलसी (मेडिको-लीगल केस) तैयार कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान दोनों आरोपियों के पास तलवारें थीं। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।