नई दिल्ली

गाली देते हुए फाड़े कपड़े, नॉर्थ-ईस्ट की महिलाओं से छेड़छाड़ और मारपीट, नेहरू प्लेस में शर्मसार हुई दिल्ली

Northeast women harassed: दिल्ली के नेहरू प्लेस में 10 मई की सुबह नॉर्थ-ईस्ट की दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़, मारपीट और नस्लीय टिप्पणी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिलाओं के कपड़े फाड़े और विरोध करने पर डंडों से हमला किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
2 min read
North East women molested
नॉर्थ-ईस्ट की महिलाओं से छेड़छाड़ और मारपीट की (AI) प्रतीकत्मक तस्वीर

North East women attacked: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर पूर्वोत्तर (North-East) की महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दक्षिणी दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में 10 मई की सुबह कुछ दबंगों ने दो महिलाओं के साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि विरोध करने पर उन पर हमला कर कपड़े तक फाड़ दिए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

चाय की दुकान पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना 10 मई की सुबह करीब 6:30 बजे नेहरू प्लेस स्थित एक होटल के बाहर बनी चाय की दुकान के पास हुई। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे वहां चाय पी रही थीं, तभी दो युवकों ने उन्हें देखकर अश्लील फब्तियां कसनी और अपमानजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते कुछ अन्य युवक भी वहां जमा हो गए और विवाद मारपीट में बदल गया।

नस्लीय टिप्पणी और बांस के डंडों से हमला

महिलाओं द्वारा दी गई शिकायत में कई गंभीर और रूह कंपा देने वाले आरोप लगाए गए हैं। एक महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और खींचतान के दौरान उसके कपड़े तक फाड़ दिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने महिलाओं की पहचान को लेकर नस्लीय और बेहद भद्दी टिप्पणियां कीं। वहीं दूसरी महिला का आरोप है कि जब उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की, तो आरोपियों ने बांस के डंडों से उन पर हमला कर दिया। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर पुलिस को घटना की जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

CCTV खंगाल रही टीमें

घटना की सूचना मिलते ही कालकाजी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत मेडिकल जांच के लिए एम्स (AIIMS) ले जाया गया। सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

Published on:
11 May 2026 05:01 pm