नई दिल्ली

नूंह में जुमे की नमाज के बाद खूनी संघर्ष, गौहत्या के आरोप में चले ईंट-पत्थर…दहशत में ग्रामीण

Nuh News: नूंह के लाहबास गांव में कथित गोमांस काटने की सूचना पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष। जुम्मे की नमाज के बाद जमकर पथराव और लाठी-डंडे चले। पुलिस बल तैनात, पीड़ित पक्ष ने एसपी से लगाई सख्त कार्रवाई की गुहार।
2 min read
Mar 21, 2026
Feature image

Nuh News: हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवां थाना अंतर्गत गांव लाहबास में गोमांस की सूचना को लेकर दो पक्षों के बीच उपजा विवाद हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया। जुम्मे की नमाज के बाद स्थिति उस समय बिगड़ गई जब दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और छतों से पथराव शुरू हो गया। इस अचानक भड़की हिंसा के कारण पूरे गांव में तनाव व्याप्त है और स्थानीय लोग भारी दहशत में हैं। पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटा है।

घटना की पृष्ठभूमि और विवाद का कारण

लाहबास निवासी खालिद ने पुलिस को दी अपनी शिकायत बताते हुए कहा कि गांव में गोमांस काटे जाने की खबर मिलने पर वे घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने जब आरोपियों को कानून विरोधी कार्य करने से रोकने की कोशिश किया तो स्थिति खतरनाक हो गई और तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद एक हिंसक हमले में बदल गया, जिसमें खालिद को निशाना बनाया गया। वहीं खालिद का आरोप है कि इस दौरान उन पर जानलेवा हमला किया गया। एक युवक ने उन पर चाकू फेंका, जो उनके पैर में लगा, वहीं दूसरे आरोपी ने डंडे से हमला कर उनकी उंगली तोड़ दी। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं।

छतों से हुआ पथराव, घरों में दुबके ग्रामीण

जैसे ही विवाद गहराया, दोनों पक्ष एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए और स्थिति हिंसक हो गई। लाठी-डंडों के प्रहार के साथ-साथ अचानक छतों से पत्थरों की बौछार शुरू हो गई, जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया। इस भयानक पत्थरबाजी और हंगामे के बीच अपनी जान बचाने के लिए महिलाओं और बच्चों को घरों के भीतर दुबकने पर मजबूर होना पड़ा।

पुलिस की एक विशेष टीम गांव में मुस्तैद है

पिनगवां थाना प्रभारी ने जानकारी दी है कि पुलिस की तत्काल कार्रवाई के बाद गांव में स्थिति अब पूरी तरह शांत है। किसी भी संभावित टकराव या दोबारा हिंसा की आशंका को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम गांव में मुस्तैद है और लगातार गश्त कर रही है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र में शांति बनी रहे और कोई भी अप्रिय घटना दोबारा न घटे।

पोखर में अवशेष फेंकने का आरोप, सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से गुहार लगाई है कि गांव के एक पोखर में गोमांस से जुड़े अवशेष फेंके जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। खालिद के अनुसार, उन्होंने रात करीब 9 बजे ही थाने में शिकायत दे दी थी, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। खालिद ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।

Updated on:
21 Mar 2026 07:07 pm
Published on:
21 Mar 2026 07:07 pm