नई दिल्ली

राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भाषण शुरू होते ही मचा हंगामा, सदन 2 बजे तक के लिए स्थगित

Parliament Monsoon Session 2026: संसद के मानसून सत्र में भारी हंगामा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के भाषण शुरू होते ही राज्यसभा 2 बजे तक स्थगित। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
ok Sabha Live Updates, Taxation Amendment Bill 2026, Digital Banking Bill 2026, Bankers Books Evidence Bill
राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भाषण शुरू होते ही मचा हंगामा | फोटो सोर्स- IANS

Parliament Session: संसद के मानसून सत्र में आजकल आए दिन कुछ नया हंगामा देखने को मिल रहा है। मंगलवार को जैसे ही राज्यसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भाषण शुरू हुआ, विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। सदन में बढ़ते शोर-शराबे और अव्यवस्था को देखते हुए सभापति सीपी राधाकृष्णन ने कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। वहीं दूसरी तरफ लोकसभा में भी हालात कुछ अलग नहीं रहे और वहां की कार्यवाही को भी दोपहर 2 बजे तक के लिए रोकना पड़ा।

किस बात पर हो रहा है हंगामा?

मानसून सत्र का पहला हफ्ता पूरी तरह से हंगामे की वजह से बेकार हो गया था, हालांकि दूसरे हफ्ते में विधायी कामकाज होता दिखा था। लेकिन मंगलवार को विपक्ष एक बार फिर कई मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ उतर आया। इस बार विपक्षी दल मुख्य रूप से राम मंदिर चंदा विवाद और NEET पेपर लीक जैसे बेहद संवेदनशील मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोला हैं।
संसद के अंदर ही नहीं, बल्कि बाहर भी सियासी पारा चढ़ा हुआ है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एथेनॉल मिक्स्ड पेट्रोल के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने का ऐलान किया है। हालांकि इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस का कहना है कि उनकी तरफ से ऐसे किसी कार्यक्रम की कोई आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी गई है।

आज पेश होंगे ये बड़े और अहम बिल

सदन में जारी हंगामे के बीच केंद्र सरकार आज कई महत्वपूर्ण वित्तीय और विधायी कार्यों को निपटाने की तैयारी में है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज टैक्स और बैंकिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने से जुड़े कई अहम विधेयक सदन के पटल पर रखेंगी। इसमें सबसे प्रमुख 'टैक्सेशन एंड अदर लॉज (अमेंडमेंट) बिल, 2026' है, जिसके माध्यम से पेमेंट सिस्टम, इनकम टैक्स और फाइनेंस एक्ट के पुराने नियमों को आज के समय के हिसाब से अपडेट किया जाएगा। इसके साथ ही वित्त मंत्री सदन में यह भी स्पष्ट करेंगी कि सरकार को इनकम-टैक्स ऑर्डिनेंस, 2026 लाने की तत्काल आवश्यकता क्यों पड़ी।
इसके अलावा डिजिटल बैंकिंग के इस दौर में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड को कानूनी प्रक्रिया में ठोस सबूत के रूप में मान्यता देने के लिए 'बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल, 2026' पर भी चर्चा होनी है। वहीं साल 2022-23 के दौरान स्वीकृत बजट से अधिक हुए सरकारी खर्च को कानूनी मंजूरी दिलाने के लिए एक्सेस ग्रांट्स पर चर्चा के बाद 'एप्रोप्रिएशन (नंबर 3) बिल, 2026' पेश किया जाएगा।

'मंगल मिलन' में जुटे NDA सांसद

एक तरफ जहां संसद में नारेबाजी चल रही है, वहीं दूसरी तरफ संसद परिसर में NDA) के सांसदों की एक बड़ी बैठक शुरू हो चुकी है। इस बैठक को 'मंगल मिलन' नाम दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बैठक में आकर सांसदों को संबोधित कर सकते हैं।

Updated on:
04 Aug 2026 01:21 pm
Published on:
04 Aug 2026 12:58 pm