नई दिल्ली

Patparganj Assembly Election Result 2025: पटपड़गंज में औंधे मुंह गिरे अवध ओझा, भारी मतों से भाजपा ने झटक ली सीट

Patparganj Assembly Election Result 2025: पटपड़गंज विधानसभा सीट पर पहली बार चुनावी मैदान में उतरे जाने-माने कोचिंग गुरु अवध ओझा को भाजपा ने करारी शिकस्त दी है।

2 min read

Patparganj Assembly Election Result 2025: दिल्‍ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट पर भाजपा के रविंदर सिंह नेगी ने जाने-माने कोचिंग गुरु अवध ओझा को कड़ी शिकस्त दी है। भाजपा के रविंदर सिंह नेगी को 74060 वोट मिले। जबकि आम आदमी पार्टी के अवध ओझा को 45988 प्राप्त हुए। इसके अलावा कांग्रेस अनिल कुमार के पक्ष में 16549 लोगों ने वोट किया। भाजपा के रविंदर सिंह नेगी ने 28072 वोटों से चुनाव जीत लिया है।

पटपड़गंज विधानसभा सीट (Patparganj Assembly Election 2025) पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। पिछली दो बार से यहां आम आदमी पार्टी चुनाव जीत रही थी। यहां से दिल्ली के पूर्व डिप्‍टी सीएम मनीष सिसोदिया विधायक थे। मनीष सिसोदिया को इस बार पार्टी ने जंगपुरा से चुनावी मैदान में उतारा था। हालांकि जंगपुरा से मनीष सिसोदिया को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। पटपड़गंज में साल 2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा रविंदर सिंह नेगी ने मनीष सिसोदिया को कड़ी टक्कर दी थी। इस बार 28072 वोटों से रविंदर नेगी ने चुनाव में जीत दर्ज की। दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी तीसरे नंबर पर रहे।

Patparganj Assembly Election Result 2025: पटपड़गंज का जानिए पूरा गणित

पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र पूर्वी दिल्ली में स्थित है। यह क्षेत्र मुख्य रूप से आवासीय इलाकों, जैसे मयूर विहार फेज-1, शशि गार्डन और पटपड़गंज गांव से मिलकर बना है। इस विधानसभा क्षेत्र में मध्यम वर्गीय परिवारों की संख्या ज्यादा है। इसके अलावा यहां पूर्वांचली, पहाड़ी और गुर्जर समुदाय के मतदाताओं की चुनाव में निर्णायक भूमिका मानी जाती है। इसमें भी पूर्वांचली मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। आम आदमी पार्टी ने इसी फैक्टर के चलते पूर्वांचल से संबंध रखने वाले अवध ओझा को चुनावी मैदान में उतारा है। अवध ओझा के सोशल मीडिया पर काफी फॉलोअर्स भी हैं। वहीं रविंद्र नेगी मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं।

2020 में मामूली अंतर से जीते थे मनीष सिसोदिया

दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट पर साल 2020 में मनीष सिसोदिया को भाजपा के रविंद्र नेगी ने कड़ी टक्कर दी थी। हालांकि रविंद्र नेगी महज 3207 वोटों से चुनाव हार गए थे। इस बार दिल्‍ली विधानसभा चुनाव 2025 में पटपड़गंज वीआईपी सीट बन गई है, क्‍योंकि यहां से वायरल शिक्षक अवध ओझा की सियासी पारी का आगाज हो रहा है। साल 2020 में मनीष सिसोदिया को 70,163 वोट मिले थे। जबकि भाजपा के रविंद्र नेगी को 66,956 वोट प्राप्त हुए थे। इसके अलावा कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण रावत को 2,802 वोट मिले थे। जीत का अंतर मात्र 2.2% था।

साल 2015 में ये रहा पटपड़गंज विधानसभा चुनाव परिणाम

बात अगर साल 2015 के विधानसभा चुनाव की करें तो पटपड़गंज विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया को कुल 75,477 वोट मिले थे। जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार बिन्नी को 46,716 वोट मिले थे। इसके साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कुमार को 16,260 वोट मिले थे। 28761 वोटों से मनीष सिसोदिया ने चुनाव जीता था। जीत का अंतर 20.4% था।

Also Read
View All

अगली खबर