
PM Modi BRICS Business Forum speech: दुनिया भर में बढ़ते व्यापारिक प्रतिबंधों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को BRICS बिजनेस फोरम के नेताओं के सत्र (Leaders' Session) को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत आर्थिक पुलों का निर्माण कर रहा है और वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में भी दुनिया को तेज विकास और स्थिरता का भरोसा दे रहा है।
भारत की अध्यक्षता में आयोजित हो रहा यह BRICS बिजनेस फोरम अब तक का सबसे बड़ा आयोजन है। इस सम्मेलन में पीएम मोदी ने ग्लोबल सप्लाई चेन, डिजिटल क्रांति और BRICS की बढ़ती आर्थिक ताकत का खाका पेश किया।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत की BRICS अध्यक्षता का मुख्य विषय (Theme) 'रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी' (Resilience, Innovation, Cooperation, and Sustainability) है। आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) में विविधीकरण: भारत ने ऊर्जा से लेकर तकनीक तक के क्षेत्रों में आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक विविध और भरोसेमंद बनाया है। इंफ्रास्ट्रक्चर और अत्याधुनिक तकनीक: देश में सड़कों, रेलवे, बंदरगाहों और हवाई अड्डों का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसके साथ ही जहाजरानी (Shipbuilding), सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, क्रिटिकल मिनरल्स और बायोटेक्नोलॉजी जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में नई क्षमताएं तैयार की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ने वित्तीय समावेशन को नई रफ्तार दी है और आज दुनिया के 50% रियल-टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शन इसी तकनीक के माध्यम से हो रहे हैं। BRICS की 20वीं वर्षगांठ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2006 में 4 देशों के साथ शुरू हुआ यह समूह आज सदस्य देशों और साझेदारों को मिलाकर 21 देशों का BRICS परिवार बन चुका है। उन्होंने बताया कि BRICS देश दुनिया की 50% आबादी, 40% वैश्विक GDP और 25% से अधिक वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं। पिछले वर्षों में जहां वैश्विक GDP लगभग ढाई गुना बढ़ी है, वहीं BRICS देशों की संयुक्त GDP करीब साढ़े चार गुना बढ़ी है, यानी BRICS की आर्थिक ताकत बाकी दुनिया की तुलना में लगभग दोगुनी रफ्तार से बढ़ी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने रेखांकित किया कि वैश्विक व्यापार तभी आगे बढ़ सकता है जब समुद्री मार्ग (Sea Lanes) सुरक्षित हों, सप्लाई रूट खुले रहें और हमारे नाविक (Seafarers) सुरक्षित हों। इस सत्र में BRICS देशों के शीर्ष नेता, BRICS बिजनेस काउंसिल और BRICS विमेन बिजनेस एलायंस की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम के समापन पर पीएम मोदी ने सभी गणमान्य अतिथियों के साथ ग्रुप फोटोग्राफ भी कराया।