बसवराज बोम्मई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमा से जुड़े मुद्दों और राष्ट्र की एकता व अखंडता से संबंधित मामलों पर कड़े कदम उठाए हैं और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से उनकी तुलना नहीं की जा सकती। उन्होंने भारत को मजबूत बनाया है, तुलना करने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमा से जुड़े मुद्दों और राष्ट्र की एकता व अखंडता से संबंधित मामलों पर कड़े कदम उठाए हैं। पूर्व प्रधान मंत्री जवाहरलाल नेहरू और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना नहीं की जा सकती है। बोम्मई ने कहा, मोदी की नेहरू से तुलना नहीं की जा सकती, क्योंकि चीन ने जब 1962 में भारत पर आक्रमण किया तो नेहरू ने उचित कदम उठाए बिना सीमावर्ती क्षेत्रों को चीन को दे दिया, जबकि नरेंद्र मोदी मजबूती से खड़े रहे हैं और उन्होंने हाल में सीमा पर हुई झड़पों में हमारे सीमा क्षेत्रों की रक्षा की।
बोम्मई ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया पर कटाक्ष करते हुए सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा, "मैं पूछता हूं कि सिद्धरमैया कहां से आए, वह द्रविड़ हैं या आर्य? पहले उन्हें यह बताने दें।" दरअसल, कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सिद्धरमैया ने शुक्रवार को RSS पर निशाना साधते हुए सवाल किया था कि संगठन से जुड़े लोग 'मूल भारतीय ' 'द्रविड़' हैं या 'आर्य'?
सिद्धरमैया ने नेहरू की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि मोदी और नेहरू की तुलना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा था, ''कहां नेहरू, कहां मोदी। यह जमीन और आसमान की तुलना करने जैसा है, इसकी कोई तुलना नहीं है। मोदी ने नेहरु के सभी अच्छे कामों पर पानी फेर दिया, जैसे पंचवर्षीय योजनाएं और अन्य।"
यह भी पढ़ें: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का हेमंत सरकार पर बड़ा हमला, कहा - 'जब तक सत्ता से बाहर नहीं करेंगे, तब तक चैन से नहीं सोएंगे'
सिद्धरमैया की इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये स्वाभाविक सी बात है की मोदी की नेहरू से तुलना नहीं की जा सकती। पीएम मोदी ने हाल के दिनों में हुई सीमा पर झड़पों का जमकर सामना किया और सीमा क्षेत्र की रक्षा की है। जबकि नेहरू ने 1962 में हुए भारत पर आक्रमण के दौरान बिना कोई उचित कदम उठाए सीमवर्ती क्षेत्रों को चीन को सौंप दिया।
मुख्यमंत्री बोम्मई ने यह भी कहा, "इसके अलावा, पीएम मोदी ने पाकिस्तान के साथ कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने भारत की एकता व अखंडता के लिये काम किया है, इसके कई उदाहरण भी हैं। मोदी ने भारत को मजबूत बनाया है, लिहाजा तुलना का कोई सवाल ही नहीं उठता।"
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा - 'नेहरू ने लोकतंत्र की जड़ों को किया मजबूत, 8 वर्षों में भाजपा ने किया कमजोर'