नई दिल्ली

‘Thank You Friends’ कहकर PM मोदी ने जताया आभार, राहुल गांधी का पलटवार- दयनीय वीडियो मत बनाओ, धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करो

PM Modi Video: NEET पेपर लीक विवाद के बीच PM मोदी के आधी रात वाले वीडियो पर राजनीति गरमा गई है। राहुल गांधी ने वीडियो को 'दयनीय' बताते हुए धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग की है, तो वहीं पीएम मोदी ने युवाओं से मिले सपोर्ट के लिए 'थैंक यू फ्रेंड्स' कहा।
2 min read
Education Minister Dharmendra Pradhan, PM Modi instagram followers increase
आधी रात के वीडियो पर मिली प्रतिक्रिया के लिए PM मोदी ने जताया आभार | फोटो सोर्स-X(@Sumitraj002)

Narendra Modi Midnight Video: देश में NEET पेपर लीक मामले को लेकर राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देर रात जारी वीडियो और उस पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के तीखे पलटवार से सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। एक तरफ पीएम मोदी ने अपने वीडियो पर मिले रिकॉर्डतोड़ रिस्पॉन्स के लिए युवाओं को 'Thank You Friends' कहा है, तो दूसरी तरफ राहुल गांधी ने इस वीडियो को बेहद 'दयनीय' बताते हुए साफ शब्दों में कहा है कि ऐसे वीडियो बनाकर छात्रों का अपमान बंद करें और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त करें।

8 मिनट में 25 लाख व्यूज, PM मोदी ने कहा- 'Thank You Friends'

PM मोदी ने एक और नया वीडियो जारी कर अपने पिछले वीडियो पर युवाओं से मिले प्यार और सकारात्मक सुझावों के लिए धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने कहा कि 'Thank You Friends'। कल रात मुझे आपसे जुड़ने का मौका मिला। आपने जिस तरह मेरे वीडियो पर रिएक्ट किया और अच्छे सुझाव दिए, उसके लिए शुक्रिया। आपका यह प्यार हमारे रिश्ते को और मजबूत बनाएगा।

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर युवाओं में जबरदस्त क्रेज देखा गया। पोस्ट होने के सिर्फ 8 मिनट के अंदर इसे 25 लाख से ज्यादा बार देखा गया, जबकि इंस्टाग्राम पर सिर्फ 20 मिनट में 10 लाख से ज्यादा लाइक्स आ गए। इतना ही नहीं, इस पूरे मामले के बाद पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर रातों-रात 10 लाख नए फॉलोअर्स भी बढ़ गए।

राहुल गांधी का पलटवार, 'दयनीय वीडियो बनाकर छात्रों का अपमान न करें'

वहीं दूसरी तरफ, विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के इस वीडियो संदेश पर बेहद कड़ी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने देर रात 1 बजकर 1 मिनट पर सोशल मीडिया हैंडल 'X' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मोदी जी, छात्रों की मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। छात्र बहुत समझदार हैं। कृपया ये दयनीय वीडियो बनाकर उनका अपमान मत कीजिए।

राहुल गांधी ने सरकार के सामने तीन बड़ी मांगें रखी हैं-

  • शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
  • छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
  • सरकार पीड़ित छात्रों से माफी मांगे।

क्या था PM मोदी का वह 'आधी रात वाला वीडियो'?

गुरुवार रात करीब 12 बजे PM मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। उस वीडियो में पीएम मोदी ने NEET परीक्षा और पेपर लीक को एक गंभीर समस्या बताते हुए कहा था कि इससे लाखों छात्रों और उनके माता-पिता को गहरी पीड़ा हुई है।
पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया था कि सरकार की पहली कोशिश यह थी कि किसी भी छात्र का साल बर्बाद न हो। उन्होंने यह भी जानकारी दी थी कि केंद्रीय मंत्रिमंडल जल्द ही पेपर लीक मामलों से निपटने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने और दोषियों को सख्त सजा देने वाले एक नए कानून पर चर्चा करने जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि मानसून सत्र में ही इस बिल को संसद से पास करा लिया जाए।

Updated on:
25 Jul 2026 07:43 am
Published on:
25 Jul 2026 07:31 am