नई दिल्ली

रील बनाना पड़ा भारी… सड़क पर स्टंटबाजी कर रहा था युवक, दिल्ली पुलिस ने टीम बनाकर दबोचा

delhi crime: वायरल होने की सनक के कारण दिल्ली की सड़कों पर चलती गाड़ियों के दरवाजे खोलता था युवक, वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और (MV मोटर व्हीकल) एक्ट के तहत स्टंटबाजों के खिलाफ कसा शिकंजा।
2 min read
Feb 18, 2026
Police arrested a youth for performing stunts on road in delhi crime

delhi crime: रील बनाना आज के समय में इतना खतरनाक ट्रेंड बन गया है कि लोग कुछ भी कर बैठते हैं, कभी बीच सड़क पर डांस, तो कभी वायरल होने के लिए चलती गाड़ियों के दरवाजे खोलकर वीडियो रिकॉर्ड कर हीरो बनना। ऐसा ही एक मामला दिल्ली से सामने आया है, जहां दो युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए चलती गाड़ियों के दरवाजे खोलते नजर आए।

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे स्टंटबाज को दबोच लिया है। बता दें कि खतरनाक स्टंट वाली यह वीडियो क्लिप 16 फरवरी को सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें एक आदमी बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल चलाते हुए और सड़क के बीच चल रही DTC बस समेत गाड़ियों के दरवाजे खोलते दिख रहा था, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा को गंभीर खतरा हो रहा था। आरोपी ने कथित तौर पर पहचान से बचने के लिए नंबर प्लेट हटा दी थी।

खतरनाक स्टंटबाजी करता था युवक

सोशल मीडिया पर हाल ही में दिल्ली का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दो युवक तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए साथ-साथ चल रही कारों के दरवाजे अचानक खोलते दिखाई दे रहे थे। इस हरकत से कार चालक घबरा गए और तुरंत दरवाजे बंद कर रहे थे। इस तरह की खतरनाक स्टंटबाजी से न सिर्फ उनकी अपनी जान जोखिम में थी, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रील बनाने वाले युवकों में से एक को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसकी बाइक भी जब्त कर ली गई।

कौन है वायरल युवक

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तार शख्स का नाम तुषार पुनिया, निवासी खजूरी खास है। इस काम में उसका साथ एक और शख्स ने भी दिया था, जिसे पुलिस अभी तक पकड़ नहीं पाई है। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक में ऐसा खतरनाक स्टंट करते हुए रील बना रहे थे और बाकी वाहन चालकों को परेशान कर रहे थे। जब यह खतरनाक स्टंट वाली रील पुलिस तक पहुंची, तो उन्होंने इन बाइकर्स को ढूंढते हुए इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सड़क पर स्टंटबाजी करने से बचें

इस बारे में जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉम एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि सड़क नियमों को ताक पर रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए थाना न्यू उस्मानपुर ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और (MV मोटर व्हीकल) एक्ट के तहत स्टंटबाजों के खिलाफ कसा शिकंजा। हालांकि पुलिस ने जो वीडियो शेयर किया, उसमें आरोपियों के चेहरे नहीं दिखाए गए।

पुलिस का बयान

पुलिस ने PTI को बताया कि आरोपी बाइक पर खतरनाक स्टंट कर रहा था और सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए बस यात्रियों को परेशान कर रहा था। जिस मोटरसाइकिल का वह इस्तेमाल कर रहा था, उस पर रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पुलिस के अनुसार, खजूरी खास निवासी पुनिया की इस हरकत में एक और शख्स भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है।

आरोपी तक कैसे पहुंची पुलिस

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान और उसका पता लगाने के लिए एक टीम बनाई गई थी, जिसने इलाके के CCTV फुटेज को स्कैन किया और वायरल वीडियो का एनालाइज किया। जांच के बाद आरोपी का पता लगाकर उसे पकड़ लिया गया। जुर्म में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी उसके पास से बरामद कर जब्त कर ली गई।

Updated on:
18 Feb 2026 03:29 pm
Published on:
18 Feb 2026 03:29 pm