नई दिल्ली

राहुल और प्रियंका गांधी पर दिल्ली में एक और FIR, पुलिस से हाथापाई और झड़प का आरोप

Rahul Gandhi FIR: राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर दिल्ली में एक और FIR दर्ज हुई है। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कथित हाथापाई और सरकारी काम में रुकावट डालने का आरोप लगाया है।
2 min read
Rahul Gandhi FIR
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान। (फोटो सोर्स-IANS)

Delhi protest: चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर दिल्ली में एक और FIR दर्ज हुई है। दिल्ली पुलिस ने दोनों नेताओं पर प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित हाथापाई और सरकारी काम में रुकावट डालने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह मामला उस प्रदर्शन से जुड़ा है, जिसमें विपक्षी दल चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बनी थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित हाथापाई की शिकायत भी सामने आई।

वीडियो से हो रही जांच

पुलिस प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो और दूसरे फुटेज की जांच कर रही है। अलग-अलग मोबाइल फोन से बनाए गए वीडियो के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मौके पर क्या हुआ और किन लोगों की पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर हाथापाई हुई। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की के वीडियो सामने आए हैं। फुटेज की जांच के बाद उन लोगों की पहचान की जा रही है, जिन पर पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने या उनकी ड्यूटी में रुकावट डालने का आरोप है।

राहुल-प्रियंका पर दूसरी FIR

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ यह पहली पुलिस कार्रवाई नहीं है। 7 अक्टूबर को भी दोनों नेताओं समेत विपक्ष के कुछ नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। यह मामला दिल्ली के आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करने से जुड़ा था। इस मामले में कुछ अन्य सांसदों और समर्थकों के नाम भी शामिल किए गए थे।

चुनाव आयोग के मुद्दे पर विरोध जारी

विपक्षी दल चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में रुकावट डालने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ दर्ज नई FIR में लगाए गए आरोपों की जांच चल रही है। पुलिस वीडियो और दूसरे सबूतों के आधार पर पूरे मामले को देख रही है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था। नई FIR के बाद चुनाव आयोग को लेकर चल रहा विपक्ष का विरोध अब एक बार फिर पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा में आ गया है।