नई दिल्ली

रेखा गुप्ता की लग्जरी कुर्सी पर मचा बवाल, कीमत और फीचर्स जानकर लोग हैरान

Delhi CM Chair Controversy: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की महंगी लग्जरी कुर्सी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। जानिए क्या है इस वायरल कुर्सी की खासियत और क्यों उठ रहे हैं सवाल।

2 min read
रेखा गुप्ता की वायरल चेयर (Photo- X @Benarasiyaa)

Rekha Gupta Luxury Chair: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इन दिनों अपनी एक कुर्सी को लेकर खूब चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनकी कुछ फोटो तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें वह एक महंगी और लग्जरी ऑफिस चेयर पर बैठी दिखाई दे रही हैं। दावा किया जा रहा है कि इस कुर्सी की कीमत 66 हजार से 82 हजार रुपए के बीच है। तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। फोटो सामने आने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग इसे नॉर्मल मान रहे हैं तो वहीं कुछ लोग इसे फिजूलखर्ची बता रहे हैं।

ये भी पढ़ें

दिल्ली जिमखाना क्लब को जबरन खाली नहीं करवाएगी सरकार- हाई कोर्ट में केंद्र का आश्वासन

आखिर क्या है इस कुर्सी में खास?

सोशल मीडिया पर जो पोस्ट्स वायरल हो रही हैं, उनमें रेखा गुप्ता एक लग्जरी एग्जीक्यूटिव चेयर पर बैठी नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि इस चेयर में मसाज करने की सुविधा, पैर फैलाकर आराम करने के लिए फुटरेस्ट, पीछे की तरफ झुकने वाला रिक्लाइनर और जीरो ग्रेविटी मोड जैसे फीचर्स मौजूद हैं। इसके अलावा कुर्सी में मुलायम कुशन और प्रीमियम लेदर फिनिश भी दी गई है। इस तरह की चेयर लंबे समय तक बैठकर काम करने के उद्देश्य से डिजाइन की जाती हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल

पोस्ट पर यूजर्स की आलोचना भी देखने को मिली है। कई लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर एक सरकारी दफ्तर में इतनी महंगी कुर्सी की जरूरत क्यों है। कुछ यूजर्स का कहना था कि सरकार को फिजूल खर्ची से बचना चाहिए और जनता के पैसों का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने रेखा गुप्ता की उन पुरानी तस्वीरों का भी जिक्र किया, जिनमें वह दिल्ली मेट्रो में सफर करती नजर आई थीं। लोगों का कहना था कि एक तरफ सादगी की बात की जाती है और दूसरी तरफ इतनी महंगी कुर्सी इस्तेमाल की जा रही है।

समर्थकों का क्या है कहना?

कुछ लोग रेखा गुप्ता के पक्ष में भी नजर आए। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री जैसे बड़े और जिम्मेदारी वाले पद पर बैठे व्यक्ति को घंटों तक बैठकर काम करना पड़ता है। ऐसे में आरामदायक चेयर का उपयोग करना कुछ गलत नहीं है। साथ ही उनका यह भी कहना है कि अगर इस चेयर को सरकारी नियमों के तहत खरीदा गया है तो इसे बेवजह मुद्दा नहीं बनाना चाहिए।

चर्चा में बनी रहती हैं रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही रेखा गुप्ता लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। दरअसल बीजेपी ने 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है, इसलिए उनके हर फैसले और गतिविधि पर लोगों की नजर रहती है। अब यह कुर्सी वाला मामला भी सोशल मीडिया से निकलकर राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गया है।

ये भी पढ़ें

‘महिलाएं दफ्तर में नहाने को मजबूर’, दिल्ली में पानी की किल्लत पर भड़के मनीष सिसोदिया, BJP सरकार को बताया नाकाम
Also Read
View All