नई दिल्ली

‘मरते दम तक भाजपा में नहीं जाऊंगा’: संजय सिंह ने साफ किया अपना स्टैंड, बोले- BJP देश का भला नहीं कर सकती

Aap Rajya Sabha Crisis: आम आदमी पार्टी में हालिया टूट और कई बड़े नेताओं के भाजपा में जाने की चर्चा के बीच संजय सिंह ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि वह जीवनभर भाजपा से दूरी बनाए रखेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें कभी भाजपा की ओर से शामिल होने का प्रस्ताव नहीं मिला।

2 min read
May 01, 2026
'जेल में डालो या सूली पर चढ़ा दो, मेरे इरादे नहीं बदलेंगे'

Aap Rajya Sabha Crisis: आम आदमी पार्टी के संसदीय दल में मची भारी उथल-पुथल के बीच अब राज्यसभा में पार्टी की ताकत सिमटती नजर आ रही है। 10 में से केवल 3 सांसदों के साथ बच गई 'आप' के लिए राघव चड्ढा और संदीप पाठक जैसे कद्दावर चेहरों का भाजपा में जाना एक बड़ा झटका माना जा रहा है। इन अटकलों के बीच, पार्टी के कद्दावर नेता संजय सिंह ने अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वह मरते दम तक भारतीय जनता पार्टी का दामन नहीं थामेंगे, क्योंकि भाजपा देश का हित करने में सक्षम नहीं है। हालांकि, संजय सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें कभी भाजपा की ओर से शामिल होने का प्रस्ताव नहीं मिला, जबकि इससे पहले मनीष सिसोदिया जैसे नेता खुद को भाजपा की ओर से ऑफर मिलने का दावा कर चुके हैं।

एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के पाला बदलने और राघव चड्ढा के भाजपा में शामिल होने पर खुलकर बात की। जब उनसे पूछा गया कि क्या कभी भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें अपने साथ जोड़ने की कोशिश की, तो उन्होंने बड़े ही बेबाक अंदाज में जवाब दिया। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने उन पर कभी ऐसा कोई दांव नहीं आजमाया, क्योंकि वे जानते थे कि जेल की सलाखें भी उन्हें झुका नहीं पाईं।

ये भी पढ़ें

‘राघव-परिणीति की शादी है पार्टी में विवाद की वजह,’ AAP के पूर्व नेता नवीन जयहिंद ने लगाया बड़ा आरोप

'जेल में डालो या सूली पर चढ़ा दो, मेरे इरादे नहीं बदलेंगे'

संजय सिंह ने आगे कहा, 'मुझ पर कभी कोशिश ही नहीं की गई। वे ऐसा करते भी कैसे? उन्होंने मुझे जेल भेजा, लेकिन जब भी मेरी पेशी होती और पुलिस की धक्का-मुक्की के बीच मैं बाहर आता, तो मेरा हौसला कम होने के बजाय और बढ़ जाता था। मैं अदालत में पेशी के दौरान भी डंके की चोट पर मोदी, शाह और अडानी के खिलाफ बोलता था। उन्हें समझ आ गया था कि मुझे जेल में डालो या सूली पर चढ़ा दो, मेरे इरादे नहीं बदलेंगे। उन्होंने देख लिया था कि मुझ पर किसी प्रलोभन का असर नहीं होने वाला, इसलिए उन्होंने कभी मुझसे संपर्क ही नहीं किया। मैं इस बारे में कोई झूठ क्यों बोलूं?'

मरते दम तक नहीं जाऊंगा भाजपा में: संजय सिंह

इसी तरह के एक सवाल के जवाब में संजय सिंह ने कहा कि मैं मरते दम तक भाजपा में नहीं जाऊंगा। आरएसएस की विचारधारा की आलोचना करते हुए सांसद ने कहा, 'एक मोदी की गारंटी कहते हैं ना। मोदी की एक गारंटी और है कि संजय सिंह कभी भाजपा में शामिल नहीं हो सकते हैं। उनसे पूछिएगा कि एक आदमी हिन्दुस्तान में कौन है जो कभी भाजपा में शामिल नहीं होगा तो वह संजय सिंह का ही नाम लेंगे। हो सकता है कि कई नाम लें लेकिन मेरा नाम उसमें जरूर शामिल रहेगा। मेरी गारंटी मोदी भी ले सकते हैं कि मैं मरते दम तक भाजपा में नहीं जाऊंगा।'

'भाजपा देश का भला नहीं कर सकती है'

संजय सिंह ने कहा कि जब मोदी पद पर नहीं रहेंगे तब भी वह भाजपा में नहीं जाएंगे क्योंकि उन्हें लगता है कि इस विचारधारा से देश का भला नहीं होगा। उन्होंने कहा,'उनकी विचारधारा क्या है? देश को बांटने वाली और हिंदू मुस्लिम करने वाली। उससे देश का भला होगा नहीं। मैं मानता हूं कि भाजपा देश के लिए अच्छी नहीं है। जो पार्टी अपने देश में रहने वाले दलितों, पिछड़ों, मुसलमानों, ईसाइयों और सिखों के खिलाफ नफरत फैलाए ऐसी पार्टी से आप उम्मीद करते हैं कि देश का भला करेंगे?

ये भी पढ़ें

एक्साइज पॉलिसी केस: ‘अब न्याय की उम्मीद नहीं’, अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट में पेश होने से किया इंकार
Published on:
01 May 2026 12:21 pm
Also Read
View All