नई दिल्ली

रिश्ता खत्म करना चाहती थी मुस्कान, फिर बढ़ता गया विवाद; तिलक नगर हत्याकांड में आरोपी का पुराना रिकॉर्ड भी सामने आया

Delhi Crime Latest News: दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय मॉडल मुस्कान शर्मा की हत्या के मामले में आरोपी इमरान खान गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस जांच में दोनों के रिश्ते में तनाव और आरोपी के पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी सामने आई है।
3 min read
Muskan Sharma Murder Case
तिलक नगर हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी को राजौरी गार्डन में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। (फोटो सोर्स-@kscChouhan )

Delhi Crime News: दिल्ली के तिलक नगर में 21 साल की मॉडल और कंटेंट क्रिएटर मुस्कान शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ कई बातें सामने आ रही हैं। पुलिस के मुताबिक, मुस्कान और आरोपी इमरान खान के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। मुस्कान इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि इमरान कथित तौर पर लगातार उससे संपर्क कर रहा था।

हत्या के एक दिन बाद पुलिस ने इमरान को राजौरी गार्डन इलाके में मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि इमरान ने आत्मसमर्पण करने के बजाय गोली चलाने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में तीन गोलियां लगीं। घायल होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर पहुंचा और फिर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, मुस्कान अपने घर पर अकेली थी, तभी इमरान वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद इमरान ने चाकू से मुस्कान पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी चाकू अपने साथ लेकर आया था, इसलिए हत्या की पहले से तैयारी किए जाने की आशंका भी जांच का हिस्सा है।

मुस्कान ने रिश्ता खत्म करने की बात कही थी

जांच अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के रिश्ते में कुछ समय से तनाव था। मुस्कान कथित तौर पर इमरान से दूरी बनाना चाहती थी। पुलिस के अनुसार, जुलाई में इमरान ने आत्महत्या की कोशिश भी की थी और इसके बाद मुस्कान को परेशान करने लगा था।

परिवार की शिकायत के बाद उसे नशामुक्ति केंद्र भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि वहां से लौटने के कुछ ही समय बाद वह फिर मुस्कान के संपर्क में आ गया। पुलिस के मुताबिक, 20 जुलाई को दोनों एक होटल में मिले थे और इसी दौरान मुस्कान ने रिश्ता खत्म करने की बात कही थी।

हत्या के बाद मोबाइल लेकर भागा

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद इमरान मुस्कान का मोबाइल फोन अपने साथ ले गया। जांचकर्ताओं को शक है कि वह फोन में मौजूद चैट या दूसरी सामग्री मिटाना चाहता था। हालांकि फोन अनलॉक नहीं हो पाया। बाद में मोबाइल एक नाले के पास से बरामद किया गया।

CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने इमरान की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके भागने के संभावित रास्तों का पता लगाया।

राजौरी गार्डन में पुलिस से मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10:55 बजे इमरान को रघुबीर नगर नाला रोड के आसपास देखा गया। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। करीब 11:15 बजे वह राजौरी गार्डन में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के पास नजर आया।

पुलिस का दावा है कि उसे सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और उसके पैरों में गोली लगने के बाद उसे पकड़ लिया गया।

आरोपी के पुराने मामलों की भी जांच

पुलिस अब इमरान के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, 2018 में उसके खिलाफ POCSO एक्ट से जुड़ा मामला दर्ज हुआ था। 2021 में भी उसके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के प्रयास से जुड़ा मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट की पुरानी तस्वीरें और वीडियो भी खंगाल रही है। जांच टीम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके पास पिस्तौल कहां से आई।

मुस्कान के परिवार और दोस्तों का कहना है कि वह कुछ समय से कथित तौर पर परेशान थी। वह ब्राइडल वियर ब्रांड्स और मेकअप आर्टिस्ट्स के साथ काम करती थी और दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग से पढ़ाई कर रही थी। उसके परिवार में मां, दो बड़ी बहनें और एक छोटा भाई है।

पुलिस अब हत्या की वजह, आरोपी और पीड़िता के बीच हुए विवाद और इमरान के पुराने मामलों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Updated on:
29 Aug 2026 01:45 pm
Published on:
29 Aug 2026 01:44 pm