नई दिल्ली

महज 150 रुपए के लिए खून-खराबा, दिल्ली के तिलक नगर में 19 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या

Rs 150 Dispute Murder: दिल्ली के तिलक नगर में 150 रुपये के विवाद ने एक 19 वर्षीय युवक की जान ले ली। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ा है। शुरुआती जांच में पैसों के झगड़े को हत्या की वजह बताया जा रहा है।
2 min read
Tilak Nagar Murder Case
प्रतीकात्मक तस्वीर

Tilak Nagar Murder Case: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 19 साल के पारस की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, इस पूरी वारदात की वजह सिर्फ 150 रुपए का विवाद था। बताया जा रहा है कि पारस ने करीब डेढ़ महीने पहले आरोपियों में से एक से 150 रुपये उधार लिए थे। पैसे लौटाने को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि आखिरकार गुस्से में आकर आरोपियों ने पारस पर हमला कर दिया, जिसमें उसकी जान चली गई।

पहले झगड़ा हुआ, फिर दोबारा घेरकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, 21 जून की रात पारस और तीन नाबालिगों के बीच कहासुनी हुई थी। बहस बढ़ने पर पारस वहां से निकल गया, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि कुछ देर बाद तीनों नाबालिगों ने उसे दोबारा ढूंढ निकाला। रात करीब 12 बजे के बाद उसे पकड़कर मारपीट शुरू कर दी गई। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर पारस पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बहन की कॉल से पुलिस को मिली जानकारी

घटना के बाद पारस को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस को मामले की जानकारी उसकी बहन ने पीसीआर कॉल के जरिए दी। उसने बताया कि उसका भाई चाकू लगने से घायल हो गया है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की जांच शुरू की। घटनास्थल के पास खून के निशान भी मिले, जिससे साफ हो गया कि हमला वहीं हुआ था।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला पूरा राज

शुरुआत में परिवार को हमलावरों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। ऐसे में पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले, जिनकी मदद से आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चौखंडी इलाके के एक पार्क से तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया और उनसे पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान नाबालिगों ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले पारस ने उनमें से एक से 150 रुपये उधार लिए थे। कई बार मांगने के बावजूद पैसे वापस नहीं मिले, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के कारण यह हमला किया गया। फिलहाल तीनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है।

Published on:
24 Jun 2026 04:28 pm