
प्रतीकात्मक तस्वीर
Axe Attack Delhi: पूर्वी दिल्ली में रोड रेज का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ट्रैफिक के बीच रास्ता नहीं मिलने से नाराज एक कार ड्राइवर ने बाइक सवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में 35 साल के मोइनुद्दीन मिर्जा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल में एडमिट कराया गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले आनंद विहार फ्लाईओवर पर रास्ता देने को लेकर कहासुनी हुई थी। कुछ देर बाद अप्सरा बॉर्डर के पास दोनों का फिर आमना-सामना हुआ। उसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि कार चालक ने बाइक सवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मोइनुद्दीन मिर्जा नोएडा के एक निजी बैंक में काम करते हैं । पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम को हुई थी। घटना वाले दिन वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान आनंद विहार फ्लाईओवर पर भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। मिर्जा का आरोप है कि पीछे से आ रही लाल रंग की फॉक्सवैगन पोलो कार का चालक लगातार हॉर्न बजाकर रास्ता मांग रहा था। उन्होंने कहा कि सड़क पर इतना ट्रैफिक था कि वह गाड़ी को साइड दे ही नहीं पा रहे थे। इसी वजह से दोनों के बीच बहस हो गई।
पहली कहासुनी के बाद कार ड्राइवर वहां से चला गया, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार शाम करीब 5:40 बजे अप्सरा बॉर्डर फ्लाईओवर के नीचे मोहल्ला क्लिनिक के पास दोनों की दोबारा मुलाकात हुई। मिर्जा का कहना है कि उन्होंने पहले हुए विवाद को लेकर बात करने के लिए अपनी बाइक रोकी थी। लेकिन बातचीत की जगह दोनों के बीच फिर बहस हो गई और माहौल बहुत ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।
मिर्जा के आरोप के अनुसार, बहस के दौरान ड्राइवर कार से बाहर निकला। उस समय उसके हाथ में फाइबर हैंडल वाली एक छोटी कुल्हाड़ी थी। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। सड़क पर मौजूद लोग भी इस अचानक हुए हमले को देखकर हैरान रह गए।
हमले में आरोपी ने मिर्जा की कोहनी और बाईं हथेली पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सीमापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मिर्जा को तुरंत जीटीबी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की सच्चाई जानने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है।
Published on:
23 Jun 2026 11:27 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
