Bonus benefits- अधिक से अधिक उड़द की खेती करने पर किसानों को बोनस का अधिकतम लाभ मिलेगा
Bonus benefits - मध्यप्रदेश में किसानों की आय में वृद्धि के लिए राज्य सरकार अनेक कवायदें कर रही है। इस संबंध में प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने आय में बढ़ोत्तरी के लिए किसानों को उड़द उगाने को कहा है। कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि प्रदेश में उड़द की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा उड़द खरीदी पर 600 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की गई है। अधिक से अधिक उड़द की खेती करने पर किसानों को इस बोनस का अधिकतम लाभ मिलेगा। उन्होंने किसानों से ज्यादा से ज्यादा उड़द की बोवनी करने और अगली फसल की तैयारी भी समय पर करने की अपील की।
राज्य के कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
प्रदेश में उड़द की खेती को प्रोत्साहित करने की बात बताते हुए कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी क्रम में उड़द खरीदी पर सरकार ने 600 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने का निर्णय लिया है।
गेहूं खरीदी पर भी किसानों को बोनस देने का कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गेहूं पर 40 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस प्रदान किया जाएगा। इससे प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि पहले 7 मार्च निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 मार्च कर दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक किसान अपना पंजीयन कराकर शासन की योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
राज्य सरकार ने किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया है। कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना के अनुसार इससे किसानों को रात में सिंचाई के दौरान होने वाली परेशानियों और जोखिमों से राहत मिलेगी।