
Harak Singh Rawat: कांग्रेस में हरक सिंह रावत को उत्तराखंड चुनाव समिति का अध्यक्ष बनाए जाने पर सियासत गरमा गई है। बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने इस नियुक्ति को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि असम की एक महिला ने हरक सिंह रावत पर बेहद गंभीर आरोप लगाए थे और DNA टेस्ट कराने की मांग भी की थी। इसके बावजूद कांग्रेस ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। बांसुरी ने सवाल किया कि ऐसे मामले में कांग्रेस और राहुल गांधी चुप क्यों हैं?
बांसुरी स्वराज ने उत्तराखंड कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरक सिंह रावत का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि असम की एक महिला ने हरक सिंह रावत पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए डीएनए टेस्ट कराने तक की गुहार लगाई है। इस पूरे मामले की जांच अब एक महिला पुलिस अधिकारी को सौंपी गई है। बीजेपी सांसद ने सवाल उठाया कि इतने गंभीर आरोपों से घिरे नेता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देना कांग्रेस की महिला सुरक्षा के प्रति सोच को दर्शाता है।
बीजेपी सांसद ने कहा कि चाहे उत्तराखंड का मामला हो, जेएनयू से जुड़ा मुद्दा हो या फिर एनएसयूआई से जुड़ी घटना इन सबमें एक बात बिल्कुल समान है, और वह है राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की चुप्पी। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रियंका गांधी 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा देती हैं, वहीं दूसरी तरफ अपनी ही पार्टी के नेताओं पर लग रहे गंभीर आरोपों के मामले में पूरी तरह से चुप्पी साध लेती हैं। क्या प्रियंका गांधी की संवेदनाएं सिर्फ राजनीति तक सीमित हैं, या फिर वे अपनी पार्टी के नेताओं के खिलाफ भी महिलाओं के सम्मान के लिए खड़ी होंगी?
दूसरे मामले का जिक्र करते हुए बांसुरी स्वराज ने बिमोल अकोइजम की नियुक्ति पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि जेएनयू (JNU) की 11 छात्राओं ने अकोइजम पर यौन उत्पीड़न के बेहद गंभीर आरोप लगाए थे। जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद उन्हें दोषी भी पाया गया था। इसके बावजूद कांग्रेस ने उन्हें अपनी घोषणापत्र समिति का सह-अध्यक्ष बना दिया।
तीसरा मामला उजागर करते हुए बांसुरी स्वराज ने दावा किया कि कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI के एक पदाधिकारी पर युवतियों को प्रलोभन देकर अहमदाबाद ले जाने की कोशिश का आरोप लगा है। इसके अलावा उन्होंने एक आदिवासी लड़की के साथ हुए दुष्कर्म के मामले का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस को घेरा।