
India Women vs Zimbabwe Women 2nd T20I: भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच दूसरा टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला आज, 18 अक्टूबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में सभी की नजरें भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा पर टिकी होंगी। दोनों खिलाड़ियों के पास आज रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराने का सुनहरा मौका है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ महिला टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में पूर्णकालिक कप्तान के तौर पर खेल रहीं स्मृति मंधाना इतिहास रचने की दहलीज पर हैं। दरअसल, स्मृति मंधाना महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 5,000 रन का आंकड़ा छूने से महज कुछ रन दूर हैं। महाराष्ट्र के सांगली की रहने वाली स्मृति मंधाना को इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए 124 रनों की जरूरत है।। बता दें कि टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक किसी भी महिला या पुरुष खिलाड़ी ने 5,000 रन का आंकड़ा नहीं छुआ है।
| प्लेयर | देश | समय अवधि | मैच | रन | कैटेगरी |
| स्मृति मंधाना | भारत | 2013-2026 | 180 | 4876 | महिला टी-20I |
| सूजी बेट्स | न्यूजीलैंड | 2007-2026 | 186 | 4758 | महिला टी-20I |
| बाबर आजम | पाकिस्तान | 2016-2026 | 145 | 4596 | टी-20I |
| जोस बटलर | इंग्लैंड | 2011-2026 | 163 | 4382 | टी-20I |
| हरमनप्रीत कौर | भारत | 2009-2026 | 211 | 4347 | महिला टी-20I |
| चमारी अट्टापट्टू | श्रीलंका | 2009-2026 | 173 | 4311 | महिला टी-20I |
| रोहित शर्मा | भारत | 2007-2024 | 159 | 4231 | टी-20I |
| विराट कोहली | भारत | 2010-2024 | 125 | 4188 | टी-20I |
स्मृति मंधाना ने अब तक 180 महिला टी-20 इंटरनेशनल मैचों की 173 इनिंग्स में कुल 4,876 रन बनाए हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स हैं, जिन्होंने 186 महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कुल 4,758 रन बनाए हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 211 मैचों में 110.47 के स्ट्राइक रेट से कुल 4,347 रन बनाए हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा भी इतिहास रचने की दहलीज पर हैं। उन्हें इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 133 रन बनाने होंगे। यदि वह यह उपलब्धि हासिल कर लेती हैं, तो वह महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 रन बनाने वाली पहली खिलाड़ी बन जाएंगी।
| प्लेयर | देश | मैच | रन | वर्ष |
| शेफाली वर्मा | भारत | 25 | 867 | 2026 |
| लौरा वोल्वार्ड्ट | साउथ अफ्रीका | 24 | 824 | 2026 |
| नताशा माइल्स | हांगकांग | 27 | 800 | 2026 |
| ईशा ओजा | यूएई | 22 | 779 | 2025 |
| यास्मीन दासवानी | हांगकांग | 22 | 779 | 2026 |
| स्मृति मंधाना | भारत | 23 | 774 | 2026 |
| स्मृति मंधाना | भारत | 23 | 763 | 2024 |
शेफाली वर्मा ने वर्ष 2026 में अब तक 25 महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 867 रन बनाए हैं। ऐसे में इस मुकाबले में उनके प्रदर्शन पर भी सभी की नजरें रहेंगी।