
चेन्नई. ‘तमिलनाडु में महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने के लिए ड्रोन आधारित पेट्रोलिंग शुरू की जाएगी।’ मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने मंगलवार को एगमोर स्थित राजरत्नम स्टेडियम में सिंगप्पेन स्पेशल फोर्स का उद्घाटन करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार इस तरह की पहल की जा रही है। महिला और बच्चों की सुरक्षा ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।मुख्यमंत्री विजय ने कहा, “राज्य की असली सफलता केवल आर्थिक विकास में नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले व्यवहार में है।” उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की ‘शून्य सहिष्णुता’ नीति है और किसी भी महिला की सुरक्षा से छेड़छाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में निर्दोष लोगों को सजा न हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।
चुनावी वादा नहीं मुख्य जिम्मेदारी हैविजय ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे समाज से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा, “हमारी दादी, मां, बहनें और बच्चे हर घर में सुरक्षित रहें, यह सिर्फ चुनावी वादा नहीं था, बल्कि हमारी सरकार की मुख्य जिम्मेदारी है। सरकार का प्रदर्शन महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से ही आंका जाएगा। सरकार की पूरी सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि हम महिलाओं और बच्चों की कितनी सुरक्षा करते हैं।”
354 करोड़ रुपए का प्रावधान
सिंगप्पेन स्पेशल फोर्स की पहली चरण के लिए सरकार ने 354 करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया है। इस फोर्स के लिए 2,500 नए पद सृजित किए जाएंगे। यहां अत्याधुनिक वाहन, उन्नत उपकरण और तकनीकी संसाधन भी उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नई फोर्स मौजूदा महिला सुरक्षा तंत्र का समर्थन करेगी और निवारक पुलिसिंग पर जोर देगी। इसका उद्देश्य पीछा करना, यौन उत्पीड़न, महिलाओं को बार-बार निशाना बनाना, मानव तस्करी, सार्वजनिक स्थानों और बसों में छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर नियंत्रण करना है।
नशाखोरी बड़ा कारण
महिला अपराधों में बढ़ोतरी को लेकर विजय ने चिंता जताई और कहा कि इसके पीछे नशाखोरी की समस्या एक बड़ा कारण है। उन्होंने कहा, “महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। जब हमने कारणों की जांच की तो पाया कि नशाखोरी इसका मुख्य कारण है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।”
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को अधिकतम सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा, “जो भी महिला अपराधों के लिए जिम्मेदार होगा, उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।” इस मौके पर मुख्य सचिव एन. साई कुमार, डीजीपी महेश अग्रवाल व इस फोर्स की प्रमुख के. भवानीश्वरी की मौजूदगी में नई फोर्स का लोगो जारी किया गया।