नोएडा

2019 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के इस दिग्गज नेता का टिकट हुआ फिक्स!

2019 लोकसभा को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां मैदान में उतर चुकी हैं। अभी से ही टिकट बंटवारे को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्मा गया है।
2 min read
• •
Updated: 12 Sep 2018, 6:19 PM IST
Narendra Modi and Amit Shah
नरेन्द्र मोदी और अमित शाह

नोएडा। 2019 लोकसभा को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां मैदान में उतर चुकी हैं। अभी से ही टिकट बंटवारे को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्मा गया है। जिसके बाद लगातार अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। इस बीच भाजपा के एक दिग्गज नेता के टिकट को लेकर भी चर्चाएं हैं और कहा जा रहा है कि उनका टिकट लगभग तय हो चुका है। कारण, इस तरह के संकेत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के शुभारंभ के दौरान दिए हैं।

वहीं यह भी चर्चाएं हैं कि बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह के लिए यह हाईवे महज एक सड़क ही नहीं बल्कि उनकी सियासत का रिपोर्ट कार्ड बन गया था। इसे लेकर विपक्षी दलों ने उनकी घेराबंदी भी कर रखी थी। उधर राजनैतिक बाधाओं के कारण हाईवे का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा था। जब बागपत में इसका शिलान्यास हुआ तो केंद्रीय राज्यमंत्री की सियासत को नई रफ्तार मिल गई।

दरअसल, मंगलवार को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का शुभारंभ करने पहुंचे सीएम योगी ने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बागपत सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने चार साल में सड़क बनवाने की पूरी कोशिश की लेकिन सपा सरकार ने एनओसी ही नहीं दी। उन्होंने कहा कि आपके सांसद क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास में लगे रहते हैं और वह रात में भी हमें इसे लेकर परेशान करते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सहारनपुर मार्ग के लिए आपके सांसद ने बहुत पापड़ बेले हैं। इस मार्ग से यहां के क्षेत्र को कनेक्टविटी मिलेगी और इस क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का काम चल रहा है। यहां उन्होंने बागपत के बढ़ौत के लिए बाबा शाहमल के नाम पर बड़ौत में स्टेडियम की घोषणा भी की। वहीं पार्टी नेताओं का कहना है कि जिस तरह डॉ सत्यपाल सिंह ने बागपत क्षेत्र के लिए काम किया है उसके बाद भाजपा से उन्हें टिकट मिलना तय है।

Published on: