नोएडा

रणदीप भाटी गैंग के शार्प शूटर को STF ने गोली मारकर किया पस्त, AK-47 बरामद, देखें Video

Highlights- एसटीएफ-पुलिस की रणदीप भाटी गैंग के बदमाशों से मुठभेड़- बदमाश से एके-47 बरामद होने से पुलिस विभाग में हड़कंप- उमेश पंडित पर आईजी मेरठ जोन ने घोषित किया था 50 हजार का इनाम
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2019, 10:18 AM IST
noida.jpg

नोएडा. यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब रणदीप भाटी गैंग का शार्प शूटर 50 हजार इनामी बदमाश उमेश शर्मा उर्फ उमेश पंडित के साथ मुठभेड़ हुई। उमेश पंडित को दोनों पैर गोली लगी है, जबकि एसटीएफ का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल उमेश पंडित और सिपाही को इलाज के लिए यथार्थ हाॅस्पिटल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक एके-47 के साथ पिस्टल व कार बरामद की है।

एसपी एसटीएफ राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि एसटीएफ को इनपुट मिले थे कि 50 हजार के दो इनामी बदमाश अमित कसाना और उमेश पंडित गाजियाबाद में हैं। इस पर यूपी एसटीएफ ने सेक्टर-24 थाना पुलिस के साथ मिलकर दोनों अपराधियों का पीछा करना शुरू किया। पुलिस ने बिसरख थाना क्षेत्र में उनकी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी को रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस दौरान एसटीएफ के कांस्टेबल विकास कुमार को गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उमेश पंडित के दोनों पैरों में गोली लग गई। जबकि अमित कसाना मौके से फरार होने में सफल हो गया। घायलों को तत्काल यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है।

एसपी ने बताया कि उमेश पंडित की गिरफ्तारी पर आईजी मेरठ जोन ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। घायल उमेश मूलरूप से गाजियाबाद लोनी के राम पार्क एक्सटेंशन का रहने वाला है। उमेश के ऊपर नोएडा, दिल्ली सहित कई जगहों पर हत्या, हत्या के प्रयास व रंगदारी के 15 से ज्यादा मामले चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए बदमाश से एके-47 की बरामदगी से यह पता चलता है कि नोएडा व ग्रेटर नोएडा में सक्रिय कुख्यात गैंगस्टरों के पास अत्याधुनिक हथियार हैं। इससे पूर्व भी कई गैंगवार में अत्याधुनिक हथियारों का प्रयोग हुआ है।

Published on: