
नोएडा। लोकसभा चुनाव के चलते प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। गौतमबुद्ध नगर जिले में पहले चरण यानि 11 अप्रैल को मतदान होना है। इसके चलते पार्टी प्रत्याशी भी लोगों के बीच जाकर वोट देने की अपील कर रहे हैं। वहीं अब उन लोगों को मुफ्त में खाना भी मिलेगा जो वोटिंग करेंगे। इसके लिए वोटर को सिर्फ अपनी उंगली पर वोट देने का निशान दिखाना होगा और उसे फ्री में देसी घी से बना खाना परोसा जाएगा।
दरअसल, नोएडा में जगह-जगह दादी की रसोई के नाम से मात्र पांच रुपये में खाना परोस रहे समाजसेवी अनूप खन्ना ने लोगों से अपील की है कि वह हर हाल में वोट करें, फिर चाहें जिसे भी करें। ऐसा करने पर वह वोटिंग करने वाले लोगों को फ्री में खाना खिलाएंगे।
गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से अनूप खन्ना नोएडा में जगह-जगह स्टॉल लगाकर लोगों को पांच रुपये में देसी घी से बना खाना खिला रहे हैं। इसके अलावा वह गरीबों को दस रुपये में कपड़े भी उपलब्ध कराते हैं। वहीं सेक्टर-29 में खन्ना द्वारा मेडिकल स्टोर का भी संचालन किया जाता है जहां वह लोगों को कम कीमत में जेनरिक दवाइयां उपलब्ध कराते हैं।