नोएडा

अब गृहमंत्री के विधायक बेटे को मिली जान से मारने की धमकी, भाजपा में खलबली

पुलिस प्रशासन के भी हाथ-पांव फूले

2 min read
May 27, 2018
Noida
अब गृहमंत्री के विधायक बेटे को मिली जान से मारने की धमकी, भाजपा में खलबली

नोएडा. भाजपा विधायकों को रंगदारी के लिए मैसेज और कॉल आने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। ताजा मामला गृहमंत्री राजनाथ सिंह से जुड़ा है। कई भाजपा विधायकों को धमकी मिलने के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और नोएडा से विधायक पंकज सिंह को भी फोन पर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। उन्‍हें 22 मई को वाट्सएेप के जरिये धमकी दी गई है। उन्होंने बताया कि पहले उन्‍हें वॉट्सएेप पर कॉल किया गया, जो उन्‍होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद वॉट्सएेप पर मैसेज भेजकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है और 10 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन में जांच एसटीएफ को सौंप दी गई है।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों में यूपी भाजपा के 20 से अधिक विधायकों और नेताओं को वॉट्सएप के जरिये जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। इसके अलावा दिल्ली, एमपी, हरियाणा और राजस्थान के विधायकों को भी इस तरह के मेसेज मिले हैं। अब इस सूची में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और नोएडा से विधायक पंकज सिंह का नाम भी जुड़ गया है। पंकज सिंह ने शनिवार को खुलासा करते हुए पुलिस को बताया कि 22 मई को उनके फोन पर पहले वॉट्सऐप से कॉल आई थी, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद फोन करने वाले ने वॉट्सऐप मैसेज भेज जान से मारने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। यह सुनते पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया और जांच एसटीएफ को सौंप दी गई। बता दें कि इस करतूत के पीछे पहले बहरीन में बैठे अंडरवर्ल्ड डॉन अली बुदेश का नाम सामने आया था। हालांकि, अली बुदेश ने बाद में एक टेलिविजन को दिए इंटरव्यू में इससे पल्ला झाड़ते हुए यह काम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के छोटा शकील से करवाने का दावा किया था।

सूत्रों की मानें तो साइबर एक्सपर्ट और पुलिस द्वारा कॉल्स और मैसेज का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। पुलिस लगातार इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रेस्पॉन्स टीम (ICERT) के संपर्क में है। इस मामले में आईबी से भी मदद ली जा रही है, लेकिन अभी तक धमकी देने वालों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

Published on:
27 May 2018 10:07 am