नोएडा

Monsoon 2026 Update: तराई भी तपने लगी! 39 जिलों में लू का अलर्ट, जानिए अब कब मिलेगी राहत?

Monsoon 2026 Update: उत्तर प्रदेश में मानसून की देरी से भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 39 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। तराई क्षेत्र भी लू की चपेट में है। जानिए किन जिलों में अलर्ट है। और 25 जून से बारिश को लेकर IMD ने क्या नया अपडेट जारी किया है।
2 min read
Jun 22, 2026
सांकेतिक फोटो सोर्स पत्रिका
सांकेतिक फोटो सोर्स पत्रिका

उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि तराई क्षेत्र के जिले भी अब लू की चपेट में आ गए हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 39 जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो से तीन दिनों तक भीषण गर्मी और गर्म हवाओं का असर बना रहने की संभावना है। हालांकि 25 जून से पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश की शुरुआत होने के संकेत मिले हैं।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मानसून की देरी के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है। खास बात यह है कि इस बार तराई क्षेत्र के जिले भी लू की चपेट में आ गए हैं। जहां आमतौर पर तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है। रविवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 42.5 डिग्री, वाराणसी में 42.4 डिग्री और झांसी में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। कई अन्य जिलों में भी तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

इन जिलों में लू चलने का अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 39 जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जिन क्षेत्रों में लू चलने की आशंका जताई गई है। उनमें प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, गोरखपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, सीतापुर, हरदोई, रायबरेली, अमेठी और आसपास के जिले शामिल हैं।

45 डिग्री तक तापमान पहुंचने की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। अरब सागर से आने वाली नमी कमजोर बनी हुई है। जबकि उत्तर-पश्चिम भारत से गर्म और शुष्क हवाएं लगातार उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही हैं। इसी वजह से 24 जून तक बारिश की संभावना बेहद कम है और गर्मी का असर बना रह सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक दिन के समय तेज धूप और लू चलने की स्थिति बनी रहेगी। कुछ इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

25 जून से पूर्वी यूपी में राहत की उम्मीद

हालांकि राहत की खबर भी है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, आजमगढ़, मऊ और बलिया समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इन जिलों में बादलों की आवाजाही और छिटपुट बारिश से तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। हालांकि मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को अच्छी बारिश के लिए अभी कुछ और दिन इंतजार करना पड़ सकता है।

Updated on:
22 Jun 2026 08:30 am
Published on:
22 Jun 2026 08:30 am