अब बढ़ सकती हैं आईपीएल खेल रहे क्रिकेटर मोहम्मद शमी की मुश्किलें
अमरोहा. क्रिकेटर मोहम्मद शमी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मोहम्मद शमी जहां आईपीएल में व्यस्त हैं, वहीं उनकी पत्नी हसीन जहां ने अब शमी के खिलाफ अलीपुर कोर्ट में घरेलू हिंसा व शादी के बाद अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध का केस दर्ज कराया है। साथ ही शमी से गुजारा भत्ते की मांग भी की है। हसीन जहां ने इसको लेकर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए हैं। हसीन जहां ने कहा है कि शमी के खिलाफ जमानती व गैर जमानती धाराओं में कई केस दर्ज होने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
उल्लेखनीय है कि क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने शमी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी थी। जिसके बाद बीसीसीआई ने भी उनसे किनारा कर लिया था। हालांकि बाद में बीसीसीआई ने अपना निर्णय बदल लिया और शमी कांट्रेक्ट बरकरार कर दिया। यही वजह है कि फिलहाल शमी आईपीएल में अपने हाथ आजमा रहे हैं।
इसी बीच मंगलवार को फिर से हसीन जहां शमी पर केस दर्ज कराने अलीपुर कोर्ट पहुंच गई। यहां हसीन जहां ने शमी पर घरेलू हिंसा व शादी के बाद अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध का केस दर्ज कराया है। बता दें कि इससे पहले हसीन जहां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसको लेकर कोलकाता पुलिस जांच में जुटी है।