डीजीपी ओपी सिहं ने दिल्‍ली जाते समय नोएडा सेक्‍टर-30 में आम्रपालद चौकी पर खड़े दरोगा और सिपाही को बुलाया पास, ठीक से नहीं पहनी थी वर्दी
नोएडा। जिले में एक अजीब वाकया पेश आया। मामला बुधवार का है। यहां दो पुलिसकर्मियों ने सूबे के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी डीजीपी को ही नहीं पहचाना। इस दौरान डीजीपी सादे कपड़े में थे लेकिन उनकी एस्कॉर्ट उनके साथ थी। इसके अलावा उनकी गाड़ी भी सटार वाली थी। बताया जा रहा है कि दाेनों पुलिसकर्मियों ने उन्हें अपना रौब भी दिखाया। इस पर डीजीपी गुस्सा गए और उन्होंने सीधे एसएसपी को फोन कर दिया। इसके बाद दोनों को सस्पेंड कर दिया गया है।
दिल्ली जा रहे थे डीजीपी
मामला नोएडा की आम्रपाली चौकी का है। बुधवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओपी सिंंह एक बैठक में हिस्सा लेने दिल्ली जा रहे थे। वह सादे कपड़ों में थे। हालांकि, उनकी गाड़ी के आगे-पीछे तीन स्टार लगे हुए थे। जबकि एस्कॉर्ट भी साथ में था। इस बीच शहर से गुजरते समय वह सेक्टर-30 की आम्रपाली पुलिस चौकी के पास पहुंचे। वहां सब इंस्पेक्टर हरिभान सिंह और कांस्टेबल योगेश कुमार खड़े थे। उस समय दरोगा हरिभान सिंह ने टोपी नहीं लगाई हुई थी जबकि सिपाही योगेश कुमार ने टोपी तो पहन रखी थीे लेकिन उस पर अशोक चिह्न नहीं लगा हुआ था। यह देखकर उन्होंने वहां उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और दोनों को अपने पास बुलवाया।
दरोगा और सिपाही ने नहीं पहचाना
उनके पास पहुंचकर दरोगा और सिपाही उन्हें पहचान नहीं पाए। बताया जा रहा है कि उन्होंने डीजीपी को सैल्यूट भी नहीं किया। जब डीजपी ने उनसे इस बारे में जवाब-तलब किया तो उन्होंने उन्हें अपना काम करने को कहा। इसके बाद डीजीपी नाराज हो गए और उन्होंने एसएसपी अजयपाल शर्मा को फोन कर दिया। जानकारी मिलने पर एसएसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया है। इस मामले में एसएसपी अजय पाल शर्मा का कहना है कि डीजीपी दोपहर करीब 2 बजकर 30 मिनट पर यहां पहुंचे थे। प्रभारी निरीक्षक और कांस्टेबल ने ड्यूटी के समय ठीक से वर्दी नहीं पहनी हुई थी। अनशुसानहीनता के मामले में उन्हें निलंबित किया गया है। हालांकि, एसएसपी ने इस बात को खारिज किया कि पुलिसकर्मी डीजीपी से ठीक से पेश नहीं आए थे। उन्होंने इससे भी इंकार किया कि उन्होंने डीजीपी को पहचाना नहीं था।
सुबह ही संभाला था कार्यभार
वहीं, बताया जा रहा है कि हरिभान ने बुधवार सुबह ही सेक्टर-45 चौकी का कार्यभार संभाला था। कुछ घंटों की ड्यूटी के बाद ही डीजीपी का दौरा हो गया। उधर, डीजीपी के दौरे के बाद पुलिस सतर्क हो गई और अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी वर्दी को लेकर भी सतर्कता बरती।