
Noida Sector 119 Fire:नोएडा के सेक्टर-119 में बनी 'द अरण्य' सोसाइटी की 24 मंजिला ऊंची इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह आग सोमवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे एक फ्लैट में AC फटने के कारण लगी। धमाका इतना तेज था कि देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। आग ने पलक झपकते ही पास के 3 फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरी सोसाइटी में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की खबर मिलते ही सेक्टर-113 थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। चीफ फायर ऑफिसर (CFO) की देखरेख में दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि आग ऊपर की मंजिलों तक न फैले। सावधानी बरतते हुए पुलिस ने पूरी बिल्डिंग के लोगों को तुरंत सुरक्षित नीचे निकाला गया।
इस बेहद डरावने हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि कोई भी व्यक्ति अंदर नहीं फंसा और समय रहते सबको बाहर निकाल लिया गया। इस अग्निकांड में फिलहाल किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है, हालांकि फ्लैट्स में रखा लाखों का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया है। दमकल की टीमें लगातार आग को पूरी तरह काबू में करने और कूलिंग के काम में जुटी हैं।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा के इस हादसे का तुरंत संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्य को तेज करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और घटना की लगातार मॉनिटरिंग करने को कहा है ताकि किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके।
गौतमबुद्धनगर के CFO ने बताया कि सुबह 8:50 बजे फ्लैट नंबर 2105 में AC फटने से आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त घर में सो रहा परिवार धमाका होते ही तुरंत बाहर भाग आया, जिससे किसी को चोट नहीं आई। इसके बाद हमारे 15-20 बहादुर जवानों ने ऑक्सीजन मास्क पहनकर बालकनी और फ्लैट के अंदर से मोर्चा संभाला और आग को उसी एक फ्लैट में रोक दिया, जिससे वह आस-पास या ऊपर की मंजिलों में नहीं फैल पाई और उसे पूरी तरह बुझा दिया गया।