
गुजरात से लौटे युवक ने घर में लगाई फांसी, पत्नी मायके में थी | फोटो सोर्स- patrika.com
Kanpur Suicide Case : यूपी के रेऊना क्षेत्र के कटरी गांव में दो दिन पहले ही गुजरात से एक शादी समारोह में शामिल होने आए 25 वर्षीय युवक लोकेंद्र ने शुक्रवार देर शाम अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त उसकी पत्नी अपने दो साल के बच्चे के साथ मायके गई हुई थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक लोकेंद्र (25) ने शुक्रवार शाम को अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया, तो उसकी मां जयरानी ने उसे आवाजें दी। अंदर से कोई हलचल न होने पर मां घबरा गई और जोर-जोर से दरवाजा खटखटाने लगी। इसके बाद मां ने शोर मचाकर पड़ोसियों को इकट्ठा किया। ग्रामीणों की मदद से जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो देखा कि लोकेंद्र का शव पंखे से लटक रहा था। यह देखते ही मां बेहोश हो गई।
लोकेंद्र की शादी करीब चार साल पहले जहानाबाद थाना क्षेत्र के बाराबीघा की रहने वाली पूजा से हुई थी। पूजा अभी अपने दो साल के बेटे सूर्यांश के साथ मायके में रह रही थी। लोकेंद्र खुद गुजरात में काम करता था और गांव के ही एक रिश्तेदार (लाखन निषाद) की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले ही घर आया था। उसका छोटा भाई छोटू अभी भी गुजरात में ही है।
लोकेंद्र की मां जयरानी ने पुलिस को बताया कि घर में किसी भी तरह का कोई विवाद या झगड़ा नहीं हुआ था। लोकेंद्र ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी वजह वह भी नहीं समझ पा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेऊना थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है ताकि पता चल सकें कि आखिर युवक ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया।
Updated on:
27 Jun 2026 11:10 am
Published on:
27 Jun 2026 10:50 am
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
