नोएडा

‘नोएडा को बनाया लूट का एटीएम…’ पीएम मोदी ने सपा पर साधा निशाना, युद्ध को लेकर कही ये बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान सपा पर जमकर साधा निशाना।
2 min read
Mar 28, 2026
PM Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Image Source: ANI)

UP Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज नोएडा में नए एयरपोर्ट का उद्घाटन भारत के नए मिजाज का प्रतीक है। पश्चिमी एशिया में युद्ध चल रहा है, जिसकी वजह से दुनिया भर में कई जरूरी चीजों का संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट से निपटने की कोशिश कर रहा है। भारत भी इस मुश्किल समय में पूरी ताकत से लड़ रहा है। देश के लोगों के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश कर रहा है। हमें बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस की जरूरत पड़ती है, जो ज्यादातर युद्ध वाले क्षेत्रों से ही आता है। सरकार का प्रयास है कि इस संकट का बोझ हमारे किसानों और आम आदमी पर न पड़े। मोदी जी ने बताया कि संकट के बावजूद भारत ने तेज विकास का सिलसिला जारी रखा है। देश आगे बढ़ रहा है और लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने की कोशिश लगातार चल रही है।

नोएडा एयरपोर्ट का बड़ा महत्व

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नोएडा का यह नया एयरपोर्ट पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा फायदा पहुंचाने वाला है। इस एयरपोर्ट से आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद जैसे शहरों को बड़ी राहत मिलेगी। यह एयरपोर्ट पूरे पश्चिमी यूपी के विकास को नई गति देगा। यहां से हर दो मिनट में एक फ्लाइट उड़ान भरेगी। इससे यात्रा आसान होगी, व्यापार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस एयरपोर्ट को विकास का सशक्त इंजन बताया गया है।

अटल जी की मंजूरी और लंबा इंतजार

पीएम मोदी ने याद दिलाया कि इस एयरपोर्ट को वर्ष 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार ने मंजूरी दे दी थी। लेकिन उसके बाद कई साल तक कुछ नहीं हुआ। कई युवा ऐसे हैं जिनका जन्म भी तब नहीं हुआ था, लेकिन एयरपोर्ट अभी भी नहीं बन पाया था। केंद्र में कांग्रेस की सरकार (2004 से 2014) के दौरान यह एयरपोर्ट फाइलों में दबा रहा। नींव तक नहीं पड़ने दी गई। उत्तर प्रदेश में भी पुरानी सरकारों ने इस पर काम नहीं होने दिया। जैसे ही भाजपा की केंद्र और यूपी में सरकार बनी, जेवर एयरपोर्ट की नींव पड़ी, निर्माण तेजी से शुरू हुआ और आज यह एयरपोर्ट शुरू हो गया है।

सपा पर तीखा हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा ने नोएडा और पूरे पश्चिमी यूपी को लूट का एटीएम बना लिया था। यहां के संसाधनों का दोहन किया गया। उन्होंने कहा कि पहले इस इलाके को अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। कुर्सी जाने के डर से सत्ताधारी नेता यहां आने से डरते थे। मोदी जी ने अपनी पुरानी याद साझा की कि जब सपा की सरकार थी, तब वे यहां आए थे। पुराने मुख्यमंत्री डर की वजह से नहीं आए थे। उन्हें भी डराने की कोशिश की गई कि अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं। लेकिन वे इस पवित्र धरती का आशीर्वाद लेने जरूर आए।

किसानों का आभार

पीएम मोदी ने इस क्षेत्र के किसानों को विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि किसानों ने अपनी जमीनें एयरपोर्ट बनाने के लिए दी हैं। उनके इस त्याग और सहयोग के लिए देशवासियों को जोरदार तालियां बजानी चाहिए। किसानों के कारण ही यह बड़ा विकास कार्य संभव हो सका है। सरकार किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखते हुए विकास कार्य कर रही है।

विकास बनाम लूट

मोदी ने कहा कि पहले सपा ने इस क्षेत्र को लूटने का केंद्र बना रखा था, लेकिन अब भाजपा सरकार ने नोएडा को विकास का मजबूत इंजन बना दिया है। कांग्रेस ने 10 साल तक एयरपोर्ट को जनता तक नहीं पहुंचने दिया, जबकि भाजपा-एनडीए सरकार बनते ही काम शुरू हुआ।

Updated on:
28 Mar 2026 01:23 pm
Published on:
28 Mar 2026 01:23 pm