नोएडा

Special- सेंसर से लैस होगी नोएडा की पहली मल्टीलेवल पार्किंग, कार टकराने का डर खत्‍म

अब 24 जनवरी को जनता के लिए खुलेगी सेक्‍टर-18 स्थित मल्‍टीलेवल पार्किंग

3 min read
Jan 01, 2018

नोएडा। जनवरी में शहरवासियों को लंबे इंतजार के बाद पहली मल्टीलेवल पार्किंग का तोहफा मिलेगा। इससे लोगों को पार्किंग की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा। इसके लिए अभी उन्‍हें कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, इस मल्‍टीलेवल पार्किंग का एक जनवरी को उद्घाटन होना था। नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी राकेश कुमार का कहना है क‍ि अब मल्‍टीलेवल पार्किंग 24 जनवरी को यूपी दिवस वाले दिन खुलेगी। वहीं, यह पार्किंग सेंसर से लैस होगी, जिस कारण यहां कोई भी कार टकराएंगी नहीं।

ये भी पढ़ें

नए साल पर रेलवे यात्रियों को बड़ा तोहफा: टिकट के लिए नहीं है कैश, तो न हुए परेशान

150 करोड़ रुपये से अधिक लगे हैं इस बनाने में

नोएडा प्राधिकरण द्वारा जनवरी में सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग का शुभारंभ किया जाएगा। इससे न केवल सेक्टर- 18 में पार्किंग की समस्या दूर होगी, बल्कि यहां आए दिन जाम से जूझने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। मिनी कनॉट प्लेस कहे जाने वाले सेक्टर-18 में लोगों को पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्राधिकरण द्वारा आठ मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया है। इसमें दो बेसमेंट व 6 फ्लोर हैं। 168.35 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस मल्टीलेवल पार्किंग में तीन हजार वाहन एक साथ पार्क हो सकेंगे। इसका संचालन प्राइवेट कंपनी द्वारा किया जाएगा, जिसका चयन प्राधिकरण द्वारा ऑनलाइन टेंड्रिंग करके किया जा रहा है।

पार्किंग की किराया सूची जारी

फिलहाल प्राधिकरण द्वारा इसमें वाहन पार्क करने की किराया सूची जारी कर दी गई है। इसके तहत पहले दो घंटों के लिए कार चालक को 30 रुपये और इसके बाद प्रति घंटे के हिसाब से 10 रुपये देने होंगे। इसी तरह बाइक के लिए पहले दो घंटों के लिए 10 रुपये व इसके बाद प्रतिघंटे के हिसाब से पांच रुपये चार्ज लिया जाएगा। वहीं, इसमें महीनेभर के पास की भी सुविधा रखी जाएगी। टू-व्हीलर चालक को पास के लिए 1000 रुपये और कार चालक को 2 हजार रुपये देने होंगे।

आईआर सेंसर से लैस होगी पार्किंग

इसके साथ ही यह पार्किंग आईआर सेंसर से लैस होगी। इसमें वाहनों को पार्क करने के लिए लिफ्ट का इस्तेमाल किया जाएगा। ऐसे में यदि कोई कार पार्किंग के दौरान पीछे खड़ी कार के अनुमानित दूरी से ज्यादा पास पहुंच जाती है तो यह सेंसर ऑटोमेटिक अलार्म (आईआर सेंसर) बजा देगा। ऐसे में कार एक दूसरे से टकराएंगी नहीं।

अभी तक सात डेडलाइन क्रॉस हो चुकी

सेक्टर-18 में बन रही यह मल्टीलेवल पार्किंग तय समय से कई साल बाद बनकर तैयार हुई है। इसका निर्माण कार्य 22 जुलाई 2013 में शुरू हुआ था और इसके निर्माण को पूर्ण करने के लिए 21 जून 2015 तय की गई थी। कई कारणों के चलते सात डेडलाइन क्रॉस करने के बाद यह पार्किंग बनकर तैयार हुई है। इस बीच निर्माण कार्य में देरी होने के चलते प्राधिकरण द्वारा ठेकेदार पर एक करोड़ से अधिक का जुर्माना भी लगाया जा चुका है।

अधूरे निर्माण पर ही शुरू कर दी थी पार्किंग

बता दें कि प्राधिकरण द्वारा मई 2015 में मल्टीलेवल पार्किंग के दो फ्लोर पर पार्किंग शुरू कर दी गई थी। इसके लिए वाहन पार्क करने वालों से चार्ज भी लिया जाता था, जबकि इसका निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ था। इसके चलते शहर में रहने वाले केआर चित्रा ने इसके खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी। जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने प्राधिकरण को निर्देश दिए थे कि पहले इस मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा कराया जाए। इसके बाद ही इसमें वाहन पार्क कराए जाएं।

सेक्टर- 18 में रोजाना पार्क होते हैं सैकड़ों वाहन

शहर की सबसे व्यस्त अट्टा मार्केट और सेक्टर-18 में रोजाना भारी संख्या में लोग आते हैं। इसके चलते यहां हर रोज सैकड़ों की संख्या में वाहन पार्क होते हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, सेक्टर-18 में हर रोज 1000 से 1200 चारपहिया व दुपहिया वाहन पार्क होते हैं। वहीं वीकेंड पर यह आंकड़ा ऊपर भी पहुंच जाता है।

खबर काम की: अब तक नहीं बनवाया आपने वोटर आईडी कार्ड तो जल्द करें आवेदन

शहर में हर रोज बिकते हैं 100 से अधिक वाहन

नोेएडा में हर रोज सड़कों पर करीब 2 से 3 लाख गाड़ियां सड़कों पर दौड़ती हैं। वहीं, हर रोज भारी संख्या में नए वाहन खरीदे जाते हैं। गौतमबुद्ध नगर के एआरटीओ विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हर रोज करीब 125 वाहन शहर भर में बिकते हैं।

ऑनलाइन टेंड्रिंग के जरिए लिए जाएंगे आवेदन

प्राधिकरण द्वारा इस बार नई पार्किंग पॉलिसी के तहत ऑनलाइन टेंड्रिंग की जा रही है। ऑनलाइन आवेदन आने के बाद बिड के द्वारा पार्किंग के लिए कंपनियों का चयन किया जाएगा। मल्टीलेवल पार्किंग शुरू होने के साथ ही सेक्टर में सड़कों पर अवैध तरीके से हो रही पार्किंग पर भी नकेल कस सकेगी।

मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण हुआ पूरा

प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रोजेक्ट इंजीनियर एससी मिश्रा ने बताया कि सेक्टर- 18 में मल्टिलेवल पार्किंग का निर्माण पूरा हो गया है। इसे जनवरी में शुरू कर दिया जाएगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।

ये भी पढ़ें

यूपी: शामली में साल के अंतिम दिन पुलिस ने कुछ इस अंदाज में की बदमाशों से मुठभेड़
Published on:
01 Jan 2018 03:18 pm
Also Read
View All