नोएडा

Noida : स्ट्रीट क्राइम रोकने के लिए पुलिस का मिशन एनकाउंटर, 24 घंटे में हुई दूसरी मुठभेड़

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट का सड़कों पर होने वाले अपराध की रोकथाम के लिए शुरू किया गया ऑपरेशन जारी है। इस ऑपरेशन के तहत 24 घंटे के अंदर सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के पर्थला सर्विस रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई दूसरी मुठभेड़ में पुलिस ने एक बदमाश गोली मारकर घायल कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 24 Aug 2022, 1:57 PM IST
noida-police-mission-encounter-to-stop-street-crime.jpg

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट का सड़कों पर होने वाले अपराध की रोकथाम के लिए शुरू किया गया ऑपरेशन जारी है। इस ऑपरेशन के तहत 24 घंटे के अंदर सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के पर्थला सर्विस रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई दूसरी मुठभेड़ में पुलिस ने एक बदमाश गोली मारकर घायल कर दिया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाश के पास से लूटा हुआ मोबाइल फोन, चोरी हुई पल्सर बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। इससे पहले थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मंगलवार सुबह सेक्टर-98 से मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया था।

एडीसीपी नोएडा जोन-1 आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि पुलिस एनकाउंटर में घायल बदमाश की पहचान समीर के रूप में हुई है, जो कि एक शातिर लुटेरा है और आठ महीने पहले ही जेल से छूटा है। जेल से छूटने के बाद उसने एक बार फिर मोबाइल और चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया था। मंगलवार दोपहर को ही समीर ने इसी क्षेत्र में एक महिला से चैन लूटने का भी प्रयास भी किया था।

डिवाइडर से टकराई बाइक तो फायरिंग कर भागने लगा

एडीसीपी नोएडा ने बताया कि पुलिस देर शाम को जब चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काली पल्सर पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो पर्थला सर्विस रोड पर उसकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का भी प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।

आधे दर्जन से ज्यादा मुकदमे हैं दर्ज

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, समीर पर आधे दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वह कई बार जेल जा चुका है। आरोपी समीर के पास से लूटा हुआ मोबाइल फोन, चोरी हुई पल्सर बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी की जा रही है।

Published on: