
गाजियाबाद। इस साल Raksha Bandhan 26 अगस्त को है। इसको लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। बाजारों में भी राखियां सज चुकी हैं। ऐसे में भारतीय रेलवे और परिवहन निगम ने भी बहनों को तोहफा देने की तैयारी कर ली है। रेलवे ने रक्षा बंधन को देखते हुए एक स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है।
गाजियाबाद व अलीगढ़ के बीच चलेगी ट्रेन
दरअसल, रक्षा बंधन या किसी अन्य त्योहार पर लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई अतिरिक्त बसें चलाए जाने के बाद भी बहनों को भाइयों के पास पहुंचने में काफी घंटे लग जाते हैं। इसी समस्या को देखते हुए इंडियन रेलवे ने यह फैसला लिया है। भारतीय रेलवे ने त्योहार के मद्देनजर गाजियाबाद और अलीगढ़ के बीच विशेष ईएमयू ट्रेन (04442/04441) चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 24 अगस्त से 28 अगस्त तक चलेगी। राखी स्पेशल ट्रेन गाजियाबाद से सुबह 10.55 बजे चलेगी, जो दोपहर 1.15 पर अलीगढ़ पहुंचेगी। अलीगढ़ से यह वापस दोपहर 01.25 पर निकलेगी और दोपहर 3.40 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। इसके अलावा सहारनपुर और ब्यास (पंजाब) के बीच भी एक अनारक्षित विशेष ट्रेन चलेगी।
बसों में बहनों से नहीं लिया जाएगा किराया
रेलवे के अलावा परिवहन निगम ने भी इस पर्व पर बसों में फ्री राइड का तोहफा दिया है। बहनों को यह सुविधा यूपी रोडवेज की बसों में 25 अगस्त की रात 12 बजे से 26 अगस्त की रात 12 बजे के बीच मिलेगी। इस बीच साधारण सेवा, एसी बस जनरथ, शताब्दी और वॉल्वो में सफर करने पर बहनों से टिकट नहीं लिया जाएगा। रक्षाबंधन के दिन नोएडा डिपो की बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं को भी इसका लाभ मिलेगा। नोएडा के सेक्टर-35 स्थित उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के एआरएम सतेंद्र वर्मा ने बताया कि नोएडा से आगरा, अलीगढ़, हरिद्वार, कोटद्वार, देहरादून, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर और दिल्ली के लिए जाती हैं। इनमें लगभग एक तिहाई महिलाएं सफर करती हैं।