Highlights: -मामला नोएडा के सेक्टर-49 थाने का है -युवती ने अपने ही गांव के युवक पर 20 दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप लगाया -जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है
नोएडा। हैदराबाद (Hyderabad) और उन्नाव (Unnao) का मामला अभी शांत नहीं हुआ है। इस बीच उन्नाव की एक और युवती से दुष्कर्म (Rape Case) करने का मामला सामने आया है। जिसमें युवती ने अपने ही गांव के युवक पर 20 दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस (Noida Police) ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, मामला नोएडा के सेक्टर-49 थाने का है। जहां उन्नाव की रहने वाली युवती ने पुलिस को शिकायत देकर अपने ही गांव के युवक पर आगाहपुर गांव में 20 दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है।
युवती द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक उन्नाव की रहने वाली युवती दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करती है और वहीं पर रहती है। वह अपने ही गांव के रहने वाले बदन सिंह ठाकुर से बातचीत करती थी जो नोएडा में किराये पर रहता है। आरोप है कि वह करीब एक महीने पहले युवती से मिलने पहुंचा था और उसको कार में डालकर नोएडा के आगाहपुर इलाके में ले आया। यहां 20 दिन तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती ने शिकायत में कहा है कि आरोपी ने उसको धमकी दी थी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसके परिवार को जान से मार देगा। साथ ही अगर पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की तो जलाकर मार देगा। उसने किसी तरह से मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। जिसके बाद आरोपी ने उसे छोड़ दिया। इस मामले में सीओ तृतीय विमल कुमार सिंह ने बताया कि केस पुराना है। आरोपी युवक और युवती एक दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।