Highlights- भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने नोएडा में राजनीतिक पार्टी बनाने का किया था ऐलान- कोराेना के चलते जिला प्रशासन ने लगाई कार्यक्रम स्थल पर ताला लगा टाला आयोजन- टकराव की स्थिति देख पुलिस ने आर्मी कार्यकर्ताओं को अंदर जाने की अनुमति दी
नोएडा. भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। चंद्रशेखर की नई पार्टी का नाम 'आजाद समाज पार्टी' होगा। बता दें कि इससे पहले चंद्रशेखर ने भीम आर्मी संगठन को राजनीतिक रूप देने के लिए कांशीराम जयंती पर 15 मार्च को पार्टी गठन की घोषणा की थी। वहीं जिला प्रशासन ने रविवार सुबह कोराेना वायरस के चलते भीम आर्मी के कार्यक्रम पर रोक लगा दी, लेकिन भीम आर्मी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पहुंच गए। इस बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बनती देख पुलिस ने ताला खोलकर कार्यकर्ताओं को अंदर जाने की अनुमति दे दी।
दरअसल, भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने रविवार को नोएडा में अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया था। इसके लिए नोएडा स्थित अशोक फार्म हाऊस में प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति भी ली थी, लेकिन जैसे ही रविवार सुबह बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता फार्म हाउस पहुंचे तो उन्हें गेट पर ताला लटका मिला। इसके साथ ही गेट पर डीएम बीएन सिंह के आदेश भी चस्पा थे।
चस्पा आदेश में कहा गया था कि कोरोना के चलते फिलहाल कुछ समय के लिए कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई है। यह देखते ही भीम आर्मी कार्यकर्ता गुस्से में आगबबूला हो गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं व पुलिस में टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस के काफी समझाने के बाद भी जब बात नहीं बन सकी तो पुलिस ने कार्यक्रम स्थल का ताला खुलवाकर भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को अंदर जाने की अनुमति दे दी।
बता दें कि इससे पहले चंद्रशेखर ने राजनीतिक पार्टी के गठन के लिए दिल्ली में कार्यक्रम करने की रूपरेखा तैयार की थी, लेकिन कोरोना वायरस के चलते उन्हें दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने के अनुमान के चलते दिल्ली के नजदीक नोएडा में कार्यक्रम स्थल का चुनाव किया गया।