नोएडा

ट्विन टावर ब्लास्टः सात हजार लोगों को रहना होगा घर से बाहर, सुरक्षा दस्ता रहेगा तैनात

नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों ने बैठक कर एमराल्ड कोर्ट सोसायटी व एटीएस विलेज सोसायटी को खाली करने की योजना जारी कर दी है। सुरक्षित डिमोलिशन के लिए ट्विन टावर के चारों ओर कुछ दूरी तक नागरिकों, वाहनों व जानवरों के लिए आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा।
2 min read
• •
Updated: 19 Aug 2022, 11:32 AM IST
seven_thousand_people_will_have_to_stay_out_of_house_on_twin_tower_blast_in_noida.jpg

सुपरटेक एपेक्स व सियान टावर के 28 अगस्त को होने वाले ध्वस्तीकरण को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। हरियाणा के पलवल से विस्फोटक लेकर वाहनों का आना-जारी है। इन विस्फोटकों को ट्विन टावर में लगाया जा रहा है। जिसको ब्लास्ट कर ट्विन टावर को डिमोलिश कर दिया जाएगा। उधर नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों ने बैठक कर एमराल्ड कोर्ट सोसायटी व एटीएस विलेज सोसायटी को खाली करने की योजना जारी कर दी है। सुरक्षित डिमोलिशन के लिए ट्विन टावर के चारों ओर कुछ दूरी तक नागरिकों, वाहनों व जानवरों के लिए आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। इन सोसाइटियों का सिक्योरिटी स्टाफ दोपहर 12 बजे तक परिसरों की देखरेख के लिए रह सकता है। डिमोलिशन का समय दोपहर 2:30 बजे का तय किया गया है। इसके बाद क्लीयरेंस मिलने पर शाम चार बजे के बाद लोग फ्लैट में जा सकते हैं।

प्राधिकरण की ओर से वाहन पार्किंग की होगी व्यवस्था

एसीईओ प्रवीण कुमार मिश्र की अध्यक्षता में प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया है कि एमराल्ड कोर्ट और एटीएस विलेज सोसाइटी में रहने वाले निवासियों को 28 अगस्त को सुबह सात बजे घर खाली करने होंगे। दोनों सोसाइटियों में रहने वाले निवासियों को अपने.अपने वाहनों को परिसर से बाहर निकालना होगा। यदि किसी फ्लैट स्वामी के पास एक से अधिक वाहन हैं और उनके पास वाहन को बाहर खड़े करने की व्यवस्था नहीं है तो ऐसी स्थिति में प्राधिकरण की ओर से वाहनों को पार्क किए जाने की व्यवस्था की जाएगी। इमरजेंसी सर्विस के लिए आवश्यक फायर टेंडर, एंबुलेंस आदि ट्विन टावर के सामने स्थित पार्क के पीछे निर्मित रोड पर खड़ी रहेंगी।

आधे घंटे के लिए बंद हेगा एक्सप्रेस-वे

डीसीपी नोएडा ट्रैफिक गणेश शंकर शाह ने बताया कि ध्वस्तीकरण के समय आसपास की सड़कों को आठ प्वाइंट पर सड़क बंद होगी। एक्सप्रेस-वे को आधे घंटे के लिए बंद किया जाएगा। 10 प्वाइंट पर सुरक्षा दस्ता तैनात रहेगा, जो लोगों को निषेध क्षेत्र में जाने से रोकेगा। उत्तर दिशा में एमराल्ड कोर्ट के सामने निर्मित सड़क तक, दक्षिण दिशा में दिल्ली की ओर जाने वाली एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड तक, पूर्व में सृष्टि व एटीएस विलेज के मध्य निर्मित सड़क तक और पश्चिम में पार्क से जुड़े फ्लाईओवर तक निषेध क्षेत्र घोषित किया गया है। यहां किसी के भी आवागमन पर रोक रहेगी।

Published on: