नोएडा

अनोखी शादी: ऑनलाइन हुईं शादी की रस्में, भाई के सिर पर सेहरा सजा देख खुश हुई बहन

दूल्हे की बहन उत्तरा चौधरी भी लैपटॉप पर हल्दी की रस्म करते हुए काफी खुश नजर आईं। उसने कहा कि भाई के सिर पर सेहरा सजा देख परिवार के सभी लोग बेहद खुश हैं।
2 min read
• •
Updated: 1 Dec 2021, 1:27 PM IST
saharanpur_shadi.jpg

सहारनपुर. बदलते समय के साथ रहन-सहन से लेकर सभी तौर-तरीकों में बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला है। यहां के रहने वाले एक युवक ने अमेरिका के वांशिगटन में कुछ मित्रों की मौजूदगी में शादी की। माता-पिता व परिवार के अन्य बुजुर्गों ने ऑनलाइन ही दोनों को आशीर्वाद दिया। शादी की सभी रस्में सहारनपुर में युवक के परिजनों ने ऑनलाइन की। शुक्रवार को हल्दी की रस्म हुई, जबकि सोमवार को दोनों शादी के बंधन में बंध गए।

कोरोना के चलते कई बार बदली शादी की तारीख

जिले के कानून गोयान निवासी राजकुमार सिंह के बेटे राजकमल ने देहरादून के एक प्रतिषठित स्कूल से शिक्षा प्राप्त की। इन दिनों वह अमेरिका की कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में स्कॉलर है। उसकी सगाई दो साल पहले स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पोस्ट डॉक्टोरल फैलोशिप कर रही तमिलनाडु के सेलम निवासी राजलक्ष्मी से हुई थी। कोरोना काल के चलते कई बार शादी की तारीख तय हुई, लेकिन कभी लॉकडाउन तो कभी कोरोना के कारण शादी की तारीखें बदलती रहीं।

दूल्हे के घर पर हुआ शादी का लाइव प्रसारण

आखिर अब अंत में दोनों के परिजनों ने तय किया कि शादी वांशिगटन में ही चंद मित्रों व वहां रह रहे रिश्तेदारों की उपस्थिति में होगी। इसके बाद 29 नवंबर की रात को वहीं के शिव-विष्णु मंदिर में शादी संपन्न हुई। शादी समारोह का तीतरो में दूल्हे के घर पर लाइव प्रसारण हुआ और परिवार के लोग ऑनलाइन ही शादी का हिस्सा बने। इस दौरान परिजन व रिश्तेदारों ने यहीं से ऑनलाइन आशीर्वाद दिया।

बेहद खुश हैं दुल्हें के माता-पिता

दूल्हे के पिता राजकुमार सिंह ने बताया कि दुल्हन के माता-पिता वहां पहुच गए हैं, जबकि हमारी तरफ से लड़के की बुआ का बेटा पहुंचा है। वह वहीं पर रहता है। उधर, दूल्हे की माता रेखा रानी ने सभी रस्मों को ऑनलाइन घर से ही पूरा किया। वह अपने बेटे की शादी को लेकर बहुत खुश हैं।

लैपटॉप पर हल्दी की रस्म कर खुश नजर आईं बहन

दूल्हे की बहन उत्तरा चौधरी भी लैपटॉप पर हल्दी की रस्म करते हुए काफी खुश नजर आईं। उसने कहा कि उसके भाई भले ही सात समंदर पार शादी कर रहा है, लेकिन भाई के सिर पर सेहरा सजा देख परिवार के सभी लोग बेहद खुश हैं।

Updated on:
1 Dec 2021, 1:27 PM IST
Published on: