नोएडा

Road Accident: नोएडा एक्सप्रेस-वे पर बेकाबू ट्रक ने साइकिलिंग ग्रुप को टक्कर मारी, आधा दर्जन राइडर घायल

महामाया से ग्रेटर नोएडा की ओर जाते समय सेक्टर-94 के पास एक कैंटर संख्या HR-55X0321 ने आधा दर्जन साइकिलों में टक्कर मार दी। घटना के बाद कैंटर चालक कैंटर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

less than 1 minute read
May 17, 2022
road_accident.jpg

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक बेकाबू ट्रक ने साइकिलिंग के लिए निकले एक ग्रुप के छह लोगों को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को इलाज के लिए फ्लेकिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

साइकिलिंग के लिए निकला था ग्रुप

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-94 में दिल्ली की ओर से आ रहे कैंटर ने सड़क किनारे साइकिल चला रहे एक ग्रुप को टक्कर मार दी, जिसमें छह राइडर घायल हो गए। साइकिलिंग ग्रुप में शामिल राजीव सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह सेक्टर-137 से 12 लोगों का ग्रुप साइकिलिंग के लिए निकला था। महामाया से ग्रेटर नोएडा की ओर जाते समय सेक्टर-94 के पास एक कैंटर संख्या HR-55X0321 ने आधा दर्जन साइकिलों में टक्कर मार दी। घटना के बाद कैंटर चालक कैंटर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस फरार टैंकर चालक की तलाश में जुटी

उधर, राहगीरों द्वारा घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और कैंटर को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद से कैंटर चालकर फरार है। पुलिस फरार टैंकर चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी घायल सेक्टर-137 नोएडा के रहने वाले हैं।

Published on:
17 May 2022 12:30 pm