
ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक लड़की ने अपनी बुआ की लड़की से ही शादी रचा लिया। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब घर से गायब युवती को ढूढते हुए दिल्ली और नोएडा पुलिस एक जगह से दोनों को बरामद करने पंहुची। यहां पता चला कि दोनों अपनी शादी शुदा जिंदगी बड़ी मौज में बिता रही थी। वहीं परिजनों ने दोनों को लाख समझाया लेकिन उन्होंने एक भी बात न मानी तो पुलिस ने दोनों को एक जानकार रिश्तेदार के साथ सुरक्षित जगह भेज दिया।
दिल्ली के एक मंदिर में रचाई शादी
जानकारी के मुताबिक, बुआ और मामा की लड़की को एक दूसरे से कब प्यार हो गया। और कब एक दूसरे के साथ जीने मरने की कसम खा ली ये परिजनों को तब पता चला जब गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने दोनों को दिल्ली की एक सोसाइटी से हिरासत में लेकर परिजनों को सौंपा। कोतवाली दनकौर के प्रभारी राधा रमण सिंह ने बताया कि दनकौर थाना क्षेत्र के एक गांव के परिजनों ने थाने पर आकर बीते 20 अप्रैल को अपनी बेटी के गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी और जांच में सामने आया कि युवती की बुआ जोकि दिल्ली के अंबडेकर नगर क्षेत्र में रहते है। उनकी लड़की भी इसी दिन गायब हुई और दिल्ली पुलिस युवती की तलाश कर रही थी। तभी दिल्ली और दनकौर पुलिस की एक संयुक्त टीम ने तलाश शुरू की तो दिल्ली में ही एक सोसाइटी से दोनों को हिरासत में लेकर परिजनों को सौंपा दिया गया। पुलिस पूछताछ में इन दोनों ने बताया कि उन्होंने दिल्ली के एक मंदिर में शादी कर ली।
परिजनों के समझाने पर भी नहीं मानी बात
उधर, जब परिजनों को मामले का पता चला तो उन्होंने दोनों को लाख समझाया लेकिन युवतियों पर इसका जरा भी असर न हुआ और वे एक साथ रहने पर अड़ी रहीं। उनकी जिद के आगे परिजन भी बेबस नजर आए। कोतवाली दनकौर के प्रभारी राधा रमण सिंह का कहना है कि दोनों युवतियों ने समलैंगिक संबंधों के चलते शादी कर ली। दोनों बालिग हैं। अपनी मर्जी से एक दूसरे के साथ ही रहना चाहती हैं। उन्हें एक परिचित रिश्तेदार के साथ सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
Published on:
17 May 2022, 11:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.